Police Bharti 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में बड़े सुधारों और विकास योजनाओं की घोषणा की है। मंगलवार को विधानसभा बजट सत्र के छठवें दिन विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए, मुख्यमंत्री ने रोजगार, शिक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण ऐलान किए।
जल्द होगी 30 हजार नई Police Bharti
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 30 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि 2017 के बाद से अब तक 1,56,000 Police Bharti हो चुकी है। वर्तमान में 60,200 पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले एक महीने में उनकी ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा निवेश, तीन नए विश्वविद्यालय
प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार हर मंडल में एक विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सहारनपुर, अलीगढ़ और आजमगढ़ में नए विश्वविद्यालय पहले ही बन चुके हैं। अब मिर्जापुर, मुरादाबाद और देवी पाटन में तीन नए विश्वविद्यालय खोले जाएंगे, जबकि कुशीनगर में एक कृषि विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा, 1565 विद्यालयों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
अखिलेश यादव पर तंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की विदेश में पढ़ाई को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो नेता अपने बच्चों को ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाते हैं, उन्होंने गरीब बच्चों की शिक्षा के बारे में कभी नहीं सोचा। उन्होंने साफ किया कि उत्तर प्रदेश में अब कठमुल्लापन की संस्कृति नहीं चलेगी और सभी बच्चों को बिना किसी भेदभाव के आधुनिक शिक्षा से जोड़ा जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि बच्चे मौलवी नहीं, बल्कि डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बनें।
सपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप
मुख्यमंत्री ने कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार बच्चों के ड्रेस का पैसा हजम कर गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 7 लाख छात्रों की संख्या घटी थी, बच्चों को किताबें नहीं मिली थीं और केवल एक ड्रेस ही बांटी गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि एक ड्रेस का पैसा कहां गया?
महाकुंभ और विपक्ष पर तीखा हमला
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार 2025 में होने वाले महाकुंभ के आयोजन की तैयारियों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन विपक्ष इसमें भी दुष्प्रचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का व्यवहार किसी भी आदर्श लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: जमीन पर दबंगों का कब्जा, महिला को 10 साल से नहीं मिला न्याय, प्रशासन मौन




