बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय एक बार फिर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की वजह से चर्चा में है। पूर्व कुलसचिव अजय कृष्ण यादव को शासन ने गंभीर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अनियमितताओं और पद के दुरुपयोग के आरोपों में निलंबित कर दिया है। उच्च शिक्षा विभाग की सिफारिशों पर की गई इस कार्रवाई में उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है।
वर्तमान में अजय कृष्ण यादव राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ में परीक्षा नियंत्रक थे। हाल ही में उन्हें प्रयागराज स्थित कार्यालय निदेशक, उच्च शिक्षा से संबद्ध किया गया था। अब निलंबन अवधि में वे वहीं पर रहेंगे।
क्या हैं आरोप? लंबी लिस्ट चौंकाने वाली
पूर्व कुलसचिव अजय कृष्ण यादव पर कई गंभीर आरोप हैं, जिनमें शामिल हैं: परीक्षा केंद्र निर्धारण में धांधली और पक्षपात
कुछ महाविद्यालयों को रिश्वत लेकर दी गई प्राथमिकता
संसाधनहीन कॉलेजों को मान्यता
अधूरी पढ़ाई के बावजूद करवाई परीक्षा
कुलपति की अनुमति के बिना फाइलों पर निर्णय
शिक्षकों की तनख्वाह रोकना, कामकाज में टांग अड़ाना
विवादों से घिरा कार्यकाल
2023 में रुहेलखंड विश्वविद्यालय में कार्यकाल के दौरान अजय कृष्ण यादव लगातार विवादों में रहे। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने उनकी कार्यप्रणाली को लेकर कई बार शासन को पत्र लिखे, लेकिन कार्रवाई न होने पर अप्रैल 2024 में उनका कार्यालय सील कर दिया गया और पद से मुक्त किया गया।
बाद में अंतरिम राहत मिलने पर जब वे दोबारा पदभार संभालने पहुंचे तो प्रशासन ने कार्यालय खोलने से मना कर दिया। उन्होंने डुप्लीकेट चाभी से जबरन ऑफिस खोला, जिससे विवाद और बढ़ा। इसके बाद उनका ट्रांसफर काशी विद्यापीठ, वाराणसी कर दिया गया।
शिक्षकों ने किया था बगावती विरोध
कुलसचिव की कार्यशैली से नाराज शिक्षकों ने एक बार उन्हें चार घंटे तक ऑफिस में बंधक बना लिया था। उन पर फाइलें रोकने और जानबूझकर उत्पीड़न के आरोप लगे थे। इसी दौरान उनकी कार के टायर भी पंचर कर दिए गए थे।
अब आगे क्या?
प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल ने मामले की जांच निदेशक, उच्च शिक्षा प्रयागराज को सौंपी है। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की संभावना है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




