पीलीभीत । जनपद की आदर्श नगर पंचायत बिलसंडा की मैन मार्केट में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों ने दिनदहाड़े सिलाई की बंद दुकान के ताले तोड़ दिए और दुकान से कीमती सामान व नगदी लेकर फरार हो गए। यह पूरी घटना थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई, लेकिन पुलिस प्रशासन अब तक मूकदर्शक बना हुआ है।
वीडियो हुआ वायरल, पुलिस पर उठे सवाल
दबंगई की यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह दबंग खुलेआम दुकान का ताला तोड़कर उसमें ताला डालकर चले गए। लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने 24 घंटे बाद भी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिससे आम लोगों में गहरा रोष और दहशत व्याप्त है।
पीड़ित 70 वर्षों से कर रहा था टेलरिंग का काम
बताया जा रहा है कि श्री लक्ष्मी नारायण ठाकुर मंदिर की उक्त दुकान में मोहल्ला नूरी मस्जिद निवासी मोहम्मद यासीन और उनके पिता इजरायल करीब 60–70 वर्षों से किरायेदार के रूप में सिलाई का कार्य कर रहे हैं।
दबंग बोले: “दुकान खाली कर या 5 लाख दे!”
पीड़ित यासीन के मुताबिक कुछ दिन पूर्व दबंगों ने आकर धमकी दी थी कि “दुकान खाली कर दे या फिर 5 लाख रुपए दे दे, वरना सारा सामान निकाल कर जला देंगे।” पीड़ित ने इसकी नामजद शिकायत थाना पुलिस से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शुक्रवार दोपहर को दिया घटना को अंजाम
शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे दबंगों ने दुकान का ताला तोड़कर उसमें रखा कपड़ा, सिलाई मशीन, काउंटर में रखी नगदी आदि सामान निकाल लिया और फिर दुकान में अपना ताला डालकर फरार हो गए।
न्यायालय में मामला विचाराधीन, फिर भी दबंगई
पीड़ित ने बताया कि दुकान से जुड़ा विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, फिर भी दबंगों ने खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए यह घटना अंजाम दी।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




