बरेली। वक्फ संपत्ति पर कब्जे और फर्जीवाड़े का मामला पहले से ही अदालत में लंबित है, वहीं अब इस पर खड़े सैकड़ों पेड़ों की चोरी का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। बहेड़ी तहसील क्षेत्र के ग्राम जाम सावंत जनूबी में स्थित वक्फ की जमीन से करीब 160 यूके लिप्टिस, पाकड़, नीम, आम और जामुन के पेड़ विपक्षियों द्वारा चोरी से काटकर बेच दिए जाने का आरोप है।
प्रार्थिनी शाकरा परवीन पत्नी स्व. सलीम अली ने जिलाधिकारी बरेली को प्रार्थना पत्र देकर विपक्षियों पर वक्फ की जमीन हड़पने और धार्मिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है।
वक्फ संपत्ति पर पुराना विवाद
प्रार्थिनी ने बताया कि उनके ससुर मोहतशिम अली और सास इंतज़ारुलनिशा ने वर्ष 1939 में ग्राम जाम सावंत जनूबी की गाटा संख्या 6513, 651 ब, 651 ज, 652 और 653 कुल रकबा 2.2610 हेक्टेयर भूमि को वक्फ अल्लाहताला के नाम रजिस्टर्ड कराया था। यह भूमि वक्फ बोर्ड लखनऊ में पंजीकृत है और इस पर ईदगाह व मस्जिद भी बनी हुई है।
इसके बावजूद विपक्षियों के पूर्वज जफर अली ने 1965 में कथित तौर पर चकबंदी अधिकारियों की मिलीभगत से वक्फ का नाम खारिज कराकर अपनी मिल्कियत दर्ज करा ली। इस धोखाधड़ी के खिलाफ मामला आज भी सिविल जज सीडी, बरेली की अदालत और चकबंदी अपील में लंबित है।
मुतवल्ली का हक, फिर भी काटे गए पेड़
शाकरा परवीन ने पत्र में लिखा कि वक्फ संपत्ति के वर्तमान मुतवल्ली उनके देवर मोहसिन अली हैं, जिनका नाम वक्फ बोर्ड में दर्ज है। लंबे समय से इस भूमि पर बाग-बाजार और सैकड़ों पेड़ लगे हुए हैं, जिनकी आमदनी से ईदगाह और मस्जिद की तामीरात व धार्मिक कार्य किए जाते रहे हैं।
लेकिन हाल ही में विपक्षियों तसव्वर अली, उमर अली, गुलजार अली, बाला नसीब और उजाला नसीब ने मिलकर करीब 160 पेड़ों को चोरी से काटकर बेच दिया और रकम हड़प ली।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
प्रार्थिनी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस पेड़ चोरी कांड और वक्फ संपत्ति पर लगातार हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि धार्मिक संपत्ति की सुरक्षा हो सके।
सवालों के घेरे में प्रशासन
यह मामला केवल वक्फ संपत्ति की लूट नहीं बल्कि उससे जुड़े धार्मिक संस्थानों की आय और संसाधनों की बर्बादी भी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन इस गंभीर और संगीन मामले पर कितनी सख्ती दिखाता है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




