ड्यूटी पर थे मगर ज़मीन पर नहीं! थाने के सामने हादसा, पुलिस गायब

SHARE:

बरेली। इंसानियत कराह उठी, सिस्टम बेपरवाह बना रहा। बुधवार सुबह बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर एक डाक पार्सल की कैंटर गाड़ी, आगे चल रही जेसीबी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का चालक इसरार पुत्र अबरार खां, निवासी थाना हाफिजगंज, बरेली गाड़ी में बुरी तरह से फंस गया।लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि सूचना के बावजूद पुलिस एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची।

स्थानीय लोग करते रहे गुहार, पुलिस सोती रही

हादसा सुबह करीब 6:30 बजे का है, जब दिल्ली से बरेली आ रही पार्सल गाड़ी ने जेसीबी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जेसीबी चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया, और कैंटर का ड्राइवर इसरार गाड़ी में ही फंसा तड़पता रहा। राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने तुरंत सीबीगंज थाने, जो घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर है, पुलिस को सूचना दी। इस बारे में इंस्पेक्टर सीबीगंज सुरेंद पाल सिंह से बात की तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

पर कितनी शर्मनाक बात है कि पुलिस मौके पर एक घंटे तक नहीं पहुंची!

लोगों ने चालक को निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन सब नाकाम रहे। पुलिस आई भी तो क्या—मात्र औपचारिकता निभाने। दमकल विभाग को बुलाया गया, लेकिन उनके पास भी पर्याप्त संसाधन नहीं थे।

अत्याधुनिक उपकरणों से निकाला गया घायल चालक, हालत नाजुक

करीब एक घंटे की मशक्कत और इंतजार के बाद जब दमकल विभाग ने अत्याधुनिक उपकरण मंगवाए, तब जाकर कहीं चालक इसरार को बाहर निकाला जा सका। घायल अवस्था में उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रशासन की लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है। लोगों का कहना है, “अगर पुलिस समय से पहुंच जाती, तो शायद इसरार की हालत इतनी नाजुक न होती। थाने के इतने करीब हादसा हुआ और फिर भी पुलिस का घंटों तक न पहुंचना, लापरवाही की इंतहा है।”

इस हादसे में थाना प्रभारी का भी एक बार झांकने तक न आना, पूरे विभाग की संवेदनहीनता को उजागर करता है।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

सोना चांदी की कीमत
और पढ़ें
error: Content is protected !!