बरेली। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को मजबूत करने के लिए मंगलवार को बरेली परिक्षेत्र में मिशन शक्ति 5.0 अभियान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक गूगल मीट के जरिए हुई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने की। इसमें बरेली, बदायूँ, शाहजहाँपुर और पीलीभीत के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, जनपदीय नोडल अधिकारी (मिशन शक्ति) और क्षेत्राधिकारी शामिल रहे।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने अधिकारियों को महिला सुरक्षा से जुड़े हर बिंदु पर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केन्द्रों पर पुलिस बल व संसाधनों (कम्प्यूटर, प्रिंटर, टेबल-कुर्सी, अलमारी) की पूरी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। शिकायत दर्ज करने वाली महिलाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार हो, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए और हर शिकायत का रजिस्टर में स्पष्ट ब्योरा दर्ज किया जाए।
विशेष निर्देश
नवरात्र, मंदिर, मेले व सार्वजनिक स्थलों पर महिला पुलिस की विशेष तैनाती। अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई। महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबरों, कानूनों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार। मिशन शक्ति की गतिविधियों की फोटो/वीडियो सोशल मीडिया व मीडिया माध्यमों पर साझा कर प्रचार। महिला बीट अधिकारी गांवों और चौपालों में जाकर नियमित काउन्सलिंग और समस्या निस्तारण।
महिलाओं को मिलेगा सीधा फायदा
अब महिलाओं को बार-बार थाने के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे सीधे मिशन शक्ति केन्द्रों में शिकायत दर्ज करा सकेंगी। केंद्रों पर प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मी उनकी समस्याओं को सुनेंगी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगी।
डीआईजी साहनी ने साफ कहा कि महिला सुरक्षा पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिशन शक्ति 5.0 का लक्ष्य है महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, आत्मनिर्भरता और न्याय तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना। मिशन शक्ति अब सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा का मजबूत हथियार बन चुका है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




