पीलीभीत। जिले के न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव पीराताल में गुरुवार को बड़ा बवाल हो गया। खेत की मेड़ काटने की सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी और पिस्टल छीनने तक की कोशिश की। किसी तरह पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे और थाने को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में किया। गांव में अफरातफरी का माहौल छा गया।
क्या हुआ था घटना स्थल पर?
हेड कांस्टेबल दीपक शर्मा ने तहरीर में बताया कि वह पीआरवी 2052 पर कमांडर के रूप में तैनात हैं। उनके साथ महिला कांस्टेबल संतोष कुमारी, निर्मला और कांस्टेबल जितेंद्र यादव भी थे। 12:58 बजे कॉलर कमलेश से खेत की मेड़ काटने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने लगी। तभी रामकुमार, तेज प्रकाश, नरेंद्र पुत्र गोकर्ण और उनके घर की महिलाओं ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हुई। पुलिस की वर्दी फाड़ दी गई और पिस्टल छीनने का प्रयास किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बल का प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा गया।उसके बाद तीनों आरोपियों रामकुमार, तेज प्रकाश, नरेंद्र और अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गांव में दहशत, रातभर छाया रहा सन्नाटा
हमले के बाद पीराताल गांव में अफरातफरी फैल गई। देर रात तक पुलिस गांव में डटी रही। ग्रामीणों के बीच सन्नाटा और खौफ का माहौल रहा।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




