बरेली। दिवाली की रौनक के बाद अब घर वापसी का दौर शुरू हो गया है, लेकिन इस बार बरेली से मुंबई और बंगलुरू लौटने वालों को भारी जेब ढीली करनी पड़ेगी। फ्लाइट किराया सामान्य से तीन गुना तक बढ़ चुका है और 25 अक्टूबर तक की लगभग सभी सीटें एडवांस में फुल हो चुकी हैं।
अचानक बढ़ी डिमांड, सीटें हुईं गायब
त्योहार के सीजन में बरेली एयरपोर्ट से उड़ानों की डिमांड अचानक बढ़ गई है। एयरलाइन प्रतिनिधि साकेत ने बताया कि जिन यात्रियों को तय तारीख पर लौटना होता है, वे पहले ही टिकट बुक करा लेते हैं। सामान्य दिनों में जहां किराया ₹5500 से ₹7000 के बीच होता है, वहीं अब यह ₹15,000 से ₹24,000 तक पहुंच गया है।
कैसे बढ़ता है किराया?
एयरलाइंस का फ्लेक्सी फेयर सिस्टम इसके पीछे की बड़ी वजह है। जैसे ही 180 सीटर फ्लाइट की 50% सीटें भरती हैं, किराया अपने आप बढ़ जाता है। 80% सीटें भरने पर किराया दोगुना या तिगुना हो जाता है। इस बार 25 अक्टूबर तक की बुकिंग पूरी तरह बंद हो चुकी है।
23 अक्टूबर से लौटने वालों की भीड़
एयरलाइन वेबसाइट के मुताबिक 23 अक्टूबर से मुंबई और बंगलुरू लौटने वालों की भीड़ बढ़नी शुरू हो जाएगी।मुंबई के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग हो चुकी है। बंगलुरू की फ्लाइटों में भी 80% सीटें पहले ही एडवांस में बिक चुकी हैं।
आसमान छूता किराया
वेबसाइट पर दर्ज मौजूदा किराए बताते हैं कि हवाई सफर अब आम लोगों की पहुंच से बाहर हो गया है।
तिथि बंगलुरू (₹) मुंबई (₹)
23 अक्टूबर 15,953 17,269
24 अक्टूबर 16,130 14,872
26 अक्टूबर 24,425 18,477
27 अक्टूबर 18,545 15,982
28 अक्टूबर 10,618 16,219
29 अक्टूबर 9,550 11,205
30 अक्टूबर 9,463 13,752
हर साल बढ़ती है किराए की मार
एविएशन इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि त्योहारों में बरेली जैसे शहरों से मेट्रो सिटीज की सीटें सीमित रहती हैं, जबकि मांग कई गुना बढ़ जाती है।इस बार फर्क सिर्फ इतना है कि बुकिंग बहुत पहले पूरी हो गई और किराए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए।
यात्रियों को सलाह
एयरलाइन प्रतिनिधियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे आखिरी वक्त का इंतजार न करें। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान फ्लाइट टिकट पहले से बुक कर लें, ताकि भारी खर्च और परेशानियों से बचा जा सके।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




