देवउठनी एकादशी पर भक्ति और उल्लास की गूंज…शंख-ध्वनि और तुलसी विवाह के गीतों से गूंजे आंगन

SHARE:

बरेली। देवउठनी एकादशी का पर्व शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। भगवान विष्णु के निद्रा से जागने के उपलक्ष्य में पूरे दिन धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। घर-घर में पूजा, तुलसी विवाह और मंगल गीतों की गूंज से गलियां आस्था से सराबोर नजर आईं।

सुबह से ही श्रद्धालु परिवारों ने देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह की तैयारियां शुरू कर दी थीं। महिलाओं ने गंगा स्नान कर उपवास रखा, घरों की सफाई की और आंगन में रंग-बिरंगी रंगोली सजाई। चौक बनाकर भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित की गई और धूप-दीप जलाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। शंख-ध्वनि और “उठो देव, जागो देव” के जयघोष के बीच भक्तों ने विष्णु भगवान से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।

तुलसी विवाह से सजे घर, गूंजे मंगल गीत

देवउठनी एकादशी के पावन दिन तुलसी विवाह की परंपरा भी पूरे हर्षोल्लास से निभाई गई। शहर और गांवों में जगह-जगह भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम और तुलसी माता का विवाह कराया गया। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर आस्था का भाव प्रकट किया। रामगंगा घाट और मंदिरों में भी धार्मिक आयोजन हुए, जहां भक्तों ने दीपदान और भजन-कीर्तन कर पुण्य अर्जित किया।

बाजारों में लौटी रौनक, बढ़ी शादियों की तैयारियां

देवउठनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास का समापन हो गया, जिससे विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। लग्न सीजन की शुरुआत से बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है।

बड़ा बाजार, कोहाड़ापीर और चौक इलाकों में दुकानदारों के चेहरों पर रौनक लौट आई। शादी-ब्याह के लिए शेरवानी, कढ़ाईदार लहंगे, ज्वेलरी और सजावट के सामानों की बिक्री में तेजी आ गई है।व्यवसायी मुन्ना कुमार, गुंजन कुमार, सौनू कुमार और संतोष कुमार ने बताया कि इस बार वैवाहिक सीजन में अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार शुभ मुहूर्त

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह के शुभ मुहूर्त आरंभ हो गए हैं। नवंबर माह में 18, 19, 21, 22, 23, 24, 25, 29 और 30 नवंबर, जबकि दिसंबर में 1, 4, 5 और 6 दिसंबर को विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

सोना चांदी की कीमत
और पढ़ें
error: Content is protected !!