शराब के लिए रुपये न देने पर मां को लगाई थी आग, अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान मामा से विवाद में दी दूसरी वारदात
बरेली। कलयुग को शर्मसार करने वाली वारदात में एक बेटे ने रिश्तों को लहूलुहान कर दिया। शराब के लिए रुपये न देने पर उसने एक सप्ताह पहले अपनी मां को आग के हवाले कर दिया था। मां ने शनिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ा तो अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच आरोपी ने अपने मामा को भी हसिए से काटकर मौत के घाट उतार दिया। दिल दहला देने वाली इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी भांजे को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना देवरनिया क्षेत्र के मोहल्ला शादाबाद निवासी कड़ेराम ने बताया कि उनकी बहन सुशीला देवी पत्नी भीमसेन (निवासी पीलीभीत, जमुनिया) पिछले ढाई महीने से उनके पास रह रही थीं। वह मिट्टी के बर्तन बेचकर अपना गुजारा करती थीं। उनका बेटा सोमपाल नशे का आदी था और आए दिन रुपये मांगकर उन्हें परेशान करता था। एक सप्ताह पहले उसने शराब के लिए रुपये मांगे, मना करने पर मां को जलाकर मारने की कोशिश की। सुशीला देवी गंभीर रूप से झुलस गईं और शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामा से हुआ विवाद, फिर उतार दिया मौत के घाट
परिवार वाले सुशीला देवी का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे कि इसी दौरान सोमपाल का अपने मामा मोतीराम (45) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में भांजे ने पास में रखा हसिया उठाया और मामा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मौके पर ही मोतीराम ने दम तोड़ दिया। खून से लथपथ दृश्य देख ग्रामीण सन्न रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सोमपाल को गिरफ्तार कर लिया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नशे में डूबे बेटे ने उजाड़ दिया परिवार
जानकारी के अनुसार मृतका सुशीला देवी के पति की तबीयत लंबे समय से खराब है। घर की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। बेटे की हरकतों से परेशान होकर वह अपने भाइयों के पास आकर रहने लगी थीं। लेकिन नशे में डूबे बेटे ने न सिर्फ उनका सुकून छीना बल्कि उनकी और भाई की जान भी ले ली। पुलिस ने मृतक के भाई कड़ेराम की तहरीर पर आरोपी सोमपाल के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
वीडियो देखने के लिए लिंक पर जाए:
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




