हनुमान दल उपाध्यक्ष हत्याकांड के बाद पुलिस का मेगा एक्शन, 4 संगठित गिरोह गैंगस्टर एक्ट की जद में…अतीक गिरोह से जुड़ा लल्ला गद्दी माफिया घोषित

SHARE:

21 अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई, निशांत सोनकर ‘बिहारी’ गैंग भी पंजीकृत

बरेली जनपद में संगठित अपराध के खिलाफ बरेली पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए चार संगठित आपराधिक गिरोहों के 21 अपराधियों का जनपदीय स्तर पर गैंग पंजीकरण कर दिया है। हत्या, मादक पदार्थ तस्करी, लूट, छिनैती और मारपीट जैसे जघन्य अपराधों में संलिप्त इन अपराधियों पर अब गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि गैंग पंजीकरण के बाद इन अपराधियों की अवैध संपत्तियों, आर्थिक स्रोतों और नेटवर्क की गहन जांच कर उनकी कमर तोड़ी जाएगी।

हनुमान दल उपाध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य गिरोह भी गैंगस्टर की जद में

इस कार्रवाई में सबसे अहम नाम निशांत सोनकर उर्फ बिहारी का है, जिस पर राष्ट्रीय हनुमान दल के आंवला जिला उपाध्यक्ष गौरव गोस्वामी की सरेआम गोली मारकर हत्या कराने का आरोप है। बारादरी थाना पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल सभी आठ आरोपितों का गैंग पंजीकृत करते हुए निशांत सोनकर को गैंग लीडर घोषित किया है।

बीच चौराहे आंख में मारी थी गोली, शहर में फैली थी दहशत

घटना 11 सितंबर की रात की है। बिशारतगंज वार्ड-8 निवासी गौरव गोस्वामी अपने भाई से जेल में मुलाकात कर दोस्तों के साथ लौट रहे थे। सेटेलाइट क्षेत्र स्थित ईसाइयों की पुलिया के पास टेंपो ओवरटेक को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद पहले से मौजूद आरोपियों ने गौरव को घेर लिया। आरोप है कि पहले उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर बीच चौराहे उनकी आंख में गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा

मृतक के पिता छोटे लाल गोस्वामी की तहरीर पर बारादरी थाने में निशांत सोनकर उर्फ बिहारी, नैतिक सोनकर, अभय यादव, राजा उर्फ कपिल, समीर अली, शेखर, अनस उर्फ मुलायम और चंदन (नवादा शेखान निवासी) के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पहले ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

चार थानों से चार गैंग पंजीकृत

गैंग संख्या D-275/25 l थाना बारादरी

गैंग लीडर: निशांत सोनकर उर्फ बिहारी

सदस्य: चंदन, अभय यादव, राजा उर्फ कपिल, समीर अली, शेखर, नैतिक सोनकर, अनस उर्फ मुलायम

अपराध प्रकृति: हत्या व मारपीट

गैंग संख्या D-272/25 | थाना इज्जतनगर

गैंग लीडर: अकरम पुत्र बाबू

सदस्य: आसिफ, हारून, जावेद, राशिद, अफजाल, उस्मान कुरेशी

अपराध प्रकृति: मादक पदार्थ तस्करी

गैंग संख्या D-273/25 | थाना भमौरा

गैंग लीडर: वीरेन्द्र पुत्र पूरनलाल

सदस्य: राजवीर

अपराध प्रकृति: मादक पदार्थ तस्करी

गैंग संख्या D-274/25 | थाना सुभाषनगर

गैंग लीडर: विक्की दिवाकर

सदस्य: विकास उर्फ विक्कू, रोहित, गंगाधर

अपराध प्रकृति: लूट व छिनैती

अतीक गिरोह से जुड़ा लल्ला गद्दी माफिया घोषित

10 संगीन मुकदमों का आपराधिक इतिहास, रंगदारी और हत्या की धमकियों से फैलाता था दहशत

इसी क्रम में बरेली पुलिस ने मोहम्मद रजा उर्फ लल्ला गद्दी को जनपदीय स्तर पर अपराध माफिया घोषित कर दिया है। उसे माफिया चिन्हिकरण संख्या M-15/2025 (थाना बिथरी चैनपुर) के तहत चिन्हित किया गया है।

अतीक अहमद का रहा सक्रिय मददगार

पुलिस सूत्रों के अनुसार लल्ला गद्दी कुख्यात माफिया अतीक अहमद का सक्रिय मददगार रहा है। आरोप है कि उसने प्रयागराज में अतीक गिरोह के सफाए से पहले, उसके भाई अशरफ अहमद की बरेली जिला जेल में मदद की थी और जेल नेटवर्क मजबूत करने में भूमिका निभाई।

10 गंभीर मुकदमे दर्ज

लल्ला गद्दी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, रंगदारी, पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और जेल अधिनियम सहित कुल 10 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।अधिकांश मुकदमे थाना बारादरी और बिथरी चैनपुर में पंजीकृत हैं।

अब होगी संपत्ति और नेटवर्क की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, माफिया घोषित होने के बाद अब चल-अचल संपत्तियों, अवैध आय के स्रोतों, जेल और बाहर के नेटवर्क की विस्तृत जांच कर कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।

पुलिस का दो-टूक संदेश

“अपराध अगर संगठित है, तो कार्रवाई उससे भी ज्यादा संगठित और सख्त होगी।”

यह भी पढ़ें: रात में अकेली महिला के घर में घुसा पड़ोसी, छेड़छाड़ कर जान से मारने की धमकी

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

सोना चांदी की कीमत
और पढ़ें
error: Content is protected !!