बरेली। कोतवाली देवरनियां क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। हालात यह हैं कि चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन देवरनियां पुलिस न तो वारदातों पर लगाम लगा पा रही है और न ही पीड़ितों की रिपोर्ट दर्ज कर रही है। बीते दो सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक बाइक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, मगर एक भी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
थाने से चंद कदम दूर वारदात, इमाम की बाइक चोरी
ताजा मामला देवरनियां थाने के बेहद नजदीक स्थित अजहरी मस्जिद का है, जहां मस्जिद के इमाम की बाइक चोरी कर ली गई। इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव जदौंपुर निवासी मस्जिद के इमाम मोहम्मद रफीक ने बताया कि उन्होंने अपनी बजाज प्लेटिना बाइक मस्जिद के बाहर खड़ी की थी। जब नमाज के बाद लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। उन्होंने थाने में लिखित तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
बाइक चोर गिरोह सक्रिय, पुलिस मौन
कोतवाली देवरनियां क्षेत्र में इस समय बाइक चोर गिरोह पूरी तरह सक्रिय है। बावजूद इसके पुलिस रोकथाम के बजाय मामलों को दबाने में जुटी नजर आ रही है। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस चोरी की घटनाओं को “संज्ञान में नहीं” बताकर टाल रही है, जिससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।
इन जगहों से भी हो चुकी हैं बाइकें चोरी
गांव मोहनपुर कारखाने के पास से कस्बा मुंडिया जागीर निवासी मोहम्मद रफीक की बाइक, देवरनियां वार्ड 13 निवासी अपसर खां की दुकान के सामने से बाइक, कनमन बाजार से बाइक चोरी, देवरनियां मैरिज हाल से बाइक चोरी, इन सभी मामलों में पीड़ितों ने थाने के चक्कर काटे, लेकिन किसी की भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
पंचायत सचिवालय चोरी भी दबाई गई
गांव खाता के पंचायत सचिवालय में 13 दिसंबर की रात हुई चोरी की घटना भी आज तक पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो सकी है। क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी यही हाल है।
एसएसपी के सख्त तेवर बेअसर
एसएसपी अनुराग आर्य के अपराध के खिलाफ सख्त रुख के बावजूद देवरनियां पुलिस का जोर घटनाओं का खुलासा करने के बजाय उन्हें दर्ज न करने पर दिखाई दे रहा है। इससे न केवल पीड़ितों में रोष है, बल्कि अपराधियों को भी खुली छूट मिलती नजर आ रही है।
पीड़ितों की चेतावनी, अब जाएंगे आला अफसरों के पास
पीड़ितों का कहना है कि यदि स्थानीय पुलिस से न्याय नहीं मिला तो वे अपनी फरियाद सीधे उच्चाधिकारियों से करेंगे। लोगों का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज न कर पुलिस अपनी नाकामी छुपा रही है।
थाना प्रभारी ने साधी चुप्पी
बाइक चोरी के मामलों में देवरनियां थाना प्रभारी उप निरीक्षक आशुतोष द्विवेदी मीडिया से बचते नजर आए। जब उनसे इस संबंध में बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कोई भी जवाब देने से इंकार कर दिया।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




