बरेली/बदायूं। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मण्डल की टीम ने एक बार फिर भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया है। टीम ने तहसील सदर बदायूं में तैनात राजस्व लेखपाल महेन्द्र सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
तहसील परिसर में हुई कार्रवाई, मचा हड़कंप
ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपी को 30 दिसंबर 2025 को दोपहर 12:50 बजे तहसील सदर बदायूं के ग्राउंड फ्लोर (बरामदे) से पकड़ा गया। जैसे ही गिरफ्तारी की सूचना फैली, तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
वारिसान दर्ज करने के एवज में मांगी थी रिश्वत
पीड़ित दुर्गेश कुमार, निवासी ग्राम गडोरा थाना उझानी जनपद बदायूं ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि उनके दिवंगत पिता की पैतृक संपत्ति में वारिसान दर्ज करने के बदले लेखपाल महेन्द्र सिंह ने ₹10,000 की रिश्वत मांगी है।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते ही धर दबोचा।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार लेखपाल महेन्द्र सिंह पुत्र सवाल सिंह, निवासी ग्राम मगोर्रा थाना मगोर्रा जनपद मथुरा, हाल पता दीक्षा केसीआर टाउन थाना मलपुरा जनपद आगरा, के विरुद्ध थाना सिविल लाइन्स बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
आम जनता से अपील
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की रिश्वत मांग या भ्रष्टाचार की सूचना बिना भय के दें– पुलिस उपाधीक्षक, एंटी करप्शन – 9454405475
प्रभारी निरीक्षक, एंटी करप्शन बरेली-9454401653
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




