बरेली। जिलाधिकारी बरेली के निर्देशानुसार जनपद में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने एवं आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा स्ट्रीट फूड वेण्डर्स पर दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 05 एवं 06 जनवरी 2026 को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्ट्रीट फूड वेण्डर्स के ठेलों और दुकानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, हाईजीन और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह ने सिविल लाइन्स, अयूब खां चौराहा, सुभाषनगर, राजेन्द्र नगर एवं चौकी चौराहा क्षेत्रों में निरीक्षण किया। वहीं श्री राकेश कुमार ने बड़ा बाजार, किला, साहूकारा एवं किला रेलवे फाटक के निकट निरीक्षण किया। श्री देवेन्द्र कुमार द्वारा सैटेलाइट, चर्च रोड, पुराना रोडवेज बस स्टैंड एवं विकास भवन क्षेत्र, श्री मुकेश द्वारा तहसील आंवला, श्री तेज प्रताप सिंह द्वारा तहसील नवाबगंज, श्री प्रवीन कुमार राय द्वारा तहसील सदर तथा श्री अनिल प्रताप सिंह द्वारा पीलीभीत बाईपास रोड एवं श्री जितेन्द्र कुमार द्वारा श्यामगंज, चौपला और सिटी क्षेत्र में स्ट्रीट फूड वेण्डर्स की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान वेण्डर्स को हेड गियर, एप्रन और ग्लव्स पहनकर कार्य करने, ढक्कनयुक्त कूड़ेदान के प्रयोग, फूड ग्रेड पैकेजिंग मटेरियल के उपयोग तथा तेल को बार-बार गर्म न करने एवं तीन बार से अधिक प्रयोग न करने के लिए सचेत किया गया। इसके साथ ही एफएसएसएआई द्वारा प्रयोग में लाए जा रहे मसालों की भी जांच की गई।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक स्ट्रीट फूड वेण्डर के ठेले पर Food Safety Connect App का स्टीकर भी चस्पा कराया गया, जिससे उपभोक्ता सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
इस संबंध में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अक्षय गोयल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आम जनमानस को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटखोरों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।खाद्य सुरक्षा विभाग की इस सख्ती से मिलावटखोरों में हड़कंप, आमजन को राहत की उम्मीद।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




