हादसे में गंभीर घायल युवती ज़िंदगी-मौत से जूझ रही
बरेली। बहेड़ी की सड़कों पर सोमवार रात रफ्तार ने फिर खून मांगा। जन्मदिन की खुशियां समेटने निकले तीन दोस्त कभी लौटकर घर नहीं पहुंच सके। नारायण नगला मंडी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को बेरहमी से रौंद दिया। एक पल में जश्न मातम में बदल गया। दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार युवती गंभीर हालत में अस्पताल में मौत से जंग लड़ रही है।
हादसे में जान गंवाने वालों में शिवम भारती (22) निवासी गरीबपुरा बहादुरपुर, बहेड़ी और विमल (22) निवासी मनकापुर गांव शामिल हैं। तीसरी सवारी युक्ति गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।
मोर्चरी के बाहर टूटी आवाज़ में जिला पंचायत सदस्य संतोष भारती ने बताया कि शिवम बचपन से उनके साथ रह रहा था और खेती-किसानी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। शिवम के सिर से माता-पिता का साया पहले ही उठ चुका था, अब इस हादसे ने परिवार की आखिरी उम्मीद भी छीन ली।
उधर, विमल के पिता ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर मां और तीन भाइयों का पेट पालता था। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों गांवों में मातम पसर गया। हर घर में सन्नाटा है, हर आंख नम है। जिला अस्पताल की मोर्चरी पर जैसे ही शव पहुंचे, परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को तत्काल अस्पताल भिजवाया और दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की जेब से मिले कागजातों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है।
दोनों मृतक गरीब परिवारों से थे, जिनकी ज़िंदगी मेहनत-मजदूरी और खेती पर टिकी थी। इस एक हादसे ने न सिर्फ दो जिंदगियां छीनीं, बल्कि दो परिवारों का भविष्य भी अंधेरे में धकेल दिया।
बहेड़ी की यह दर्दनाक घटना एक बार फिर सवाल छोड़ गई आखिर कब थमेगी सड़कों पर मौत की यह बेलगाम रफ्तार?
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




