प्यादे जेल में, सरगना ऐश में: कच्ची शराब माफिया पर क्यों नहीं लगती लगाम

SHARE:

बरेली। जिले में कच्ची शराब का अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर पुलिस और आबकारी विभाग की पकड़ अब तक सिर्फ छोटे प्यादों तक ही सीमित नजर आ रही है। बड़े कारोबारी आज भी कानून की आंखों में धूल झोंकते हुए बेखौफ अपना धंधा चला रहे हैं। हालात यह हैं कि दस से चालीस लीटर कच्ची शराब की बरामदगी दिखाकर कार्रवाई की इतिश्री कर ली जाती है, जबकि असली खेल इसके कहीं पीछे चल रहा है।

बारादरी थाना क्षेत्र का गंगापुर, भोजीपुरा का कचनपुर, सुभाषनगर का नाला क्षेत्र समेत शहर और देहात के कई इलाके कच्ची शराब के गढ़ बन चुके हैं। इन इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, लेकिन आज तक किसी बड़े कच्ची शराब माफिया तक पुलिस का हाथ नहीं पहुंच सका।

कच्ची शराब से मौतें, फिर भी सिस्टम बेपरवाह

कच्ची शराब से जिले में पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद आबकारी विभाग की सक्रियता केवल त्योहारी सीजन तक ही सीमित रह जाती है। त्योहार खत्म होते ही विभाग एक बार फिर कुंभकर्णी नींद में चला जाता है। फिलहाल कच्ची शराब से मौत की कोई ताजा प्रमाणित रिपोर्ट भले न हो, लेकिन कारोबार पूरी रफ्तार से जारी है। गांवों के खेतों, खादर इलाकों और आबादी से दूर स्थानों पर धधकती भट्टियां इस बात की गवाही दे रही हैं कि अवैध शराब का नेटवर्क पूरी तरह संगठित है।

रेड से पहले गायब हो जाता है माल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार पुलिस और आबकारी विभाग को कच्ची शराब की सूचना दी गई, लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही शराब, उपकरण और कारोबारी सब गायब हो जाते हैं। नतीजा यह कि टीम को खाली हाथ लौटना पड़ता है। इससे साफ है कि कहीं न कहीं सूचना लीक होने का खेल भी चल रहा है।

तीन दिन में चार गिरफ्तार, लेकिन बड़े चेहरे अब भी सुरक्षित

बारादरी थाना क्षेत्र का गंगापुर शराब, सट्टा और जुए के अवैध कारोबार के लिए पहले से ही बदनाम है। बीते तीन दिनों में बारादरी पुलिस ने कच्ची शराब के साथ प्रमोद कुमार, हरीश, गया प्रसाद और विक्की मौर्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। हालांकि ये सभी छोटे स्तर पर शराब बेचने वाले बताए जा रहे हैं। अब तक पुलिस किसी भी बड़े कच्ची शराब कारोबारी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। यही वजह है कि अवैध धंधे के असली संचालक पुलिस की पकड़ से बाहर बने हुए हैं।

महिला कारोबारी का नाम, फिर भी कार्रवाई शून्य

गंगापुर क्षेत्र में कच्ची शराब के कारोबार के लिए एक महिला का नाम लंबे समय से चर्चा में है। इसके बावजूद न तो उस तक पुलिस पहुंच सकी है और न ही कोई ठोस कार्रवाई हो पाई है। यह स्थिति पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

सोना चांदी की कीमत
और पढ़ें
error: Content is protected !!