द्वारिकेश चीनी मिल के पास भीषण हादसा, हाईवे पर मचा हड़कंप
बरेली। हाईवे पर रविवार सुबह घने कोहरे ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया। फरीदपुर क्षेत्र में द्वारिकेश चीनी मिल से पहले पचौमी गांव के पास जीरो विजिबिलिटी के चलते दर्जनभर से अधिक वाहन आपस में भिड़ गए। हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब घना कोहरा छाया हुआ था और सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।
कोहरे के कारण एक वाहन के अचानक रुकते ही पीछे से आ रहे वाहन एक के बाद एक टकराते चले गए। देखते ही देखते हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई रोडवेज बसें भी शामिल रहीं, जो आगे चल रहे वाहनों से टकरा गईं।
हादसे में गोरखपुर से मेरठ जा रही रोडवेज बस के चालक और सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। बस चालक अतर सिंह, निवासी ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर, जिला मुजफ्फरनगर और सहचालक राहुल, निवासी ग्राम करथल, जिला मुजफ्फरनगर को गंभीर हालत में फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने सहचालक राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक अतर सिंह का इलाज जारी है।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े और वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और हाईवे पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड कराकर यातायात बहाल कराया। घटना के बाद काफी देर तक हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




