बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। कक्षा आठ में पढ़ने वाली छात्रा के अचानक गायब हो जाने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने अपहरण या किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
प्रोजेक्ट का सामान लेने निकली थी छात्रा
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, थाना बारादरी क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी की नाबालिग पुत्री 20 जनवरी 2026 को शाम करीब 5 बजे घर से प्रोजेक्ट का सामान खरीदने के लिए निकली थी। छात्रा अपने साथ मोबाइल फोन भी लेकर गई थी।
शाम तक नहीं लौटी, फोन मिला बंद
परिजनों के अनुसार जब शाम 6:30 बजे तक छात्रा घर नहीं लौटी, तो उनकी चिंता बढ़ गई। परिजनों ने किशोरी के मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला।
संदिग्ध कॉल ने बढ़ाई चिंता
इसी दौरान शाम करीब 7:41 बजे किशोरी की बड़ी बहन के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई, जिसे रिसीव नहीं किया जा सका। जांच करने पर पता चला कि कॉल मीत पटेल नाम से रजिस्टर्ड नंबर से आई थी। जब उस नंबर पर दोबारा कॉल किया गया, तो फोन उठाने वाले व्यक्ति ने कहा “हम लोग विशु की मम्मी के बर्थडे में हैं, एक घंटे बाद किशोरी घर आ जाएगी।”इसके बाद कॉल कट हो गई और संबंधित मोबाइल नंबर बंद हो गया।
तलाश जारी, परिजन बेहाल
घटना के बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों में काफी तलाश की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका। छात्रा के पिता ने थाना बारादरी में तहरीर देकर बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। छात्रा की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय कर दी गई है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




