बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में जिस बेटे ने पिता को शराब से बचाने की कोशिश की, उसी की जान का दुश्मन उसका बाप बन गया। बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र के पालमपुर गोटिया गांव में शराब की लत ने रिश्तों की सारी हदें तोड़ दीं। बेटे की नसीहत पिता को नागवार गुज़री और गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना में 30 वर्षीय सत्येंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसकी गर्दन और सिर पर किए गए वार यह बता रहे हैं कि हमला महज गुस्से में नहीं, बल्कि जान लेने की नीयत से किया गया। जिला अस्पताल में भर्ती सत्येंद्र की हालत नाज़ुक बनी हुई है।
शराब ने बेची जमीन, उजड़ा घर
घायल की मां कमला देवी ने बताया कि आरोपी राजेंद्र लंबे समय से शराब का आदी है। नशे की लत में वह परिवार की जमीन और घर का सामान तक बेच चुका है। परिवार आर्थिक और मानसिक दोनों रूप से टूट चुका था। सत्येंद्र ने जब पिता को शराब छोड़ने और परिवार बचाने की बात कही, तो वही बात उसके लिए जानलेवा साबित हुई।
चार बेटों की मां, हर दिन का डर
कमला देवी ने कहा कि उनके चार बेटे हैं और शराब को लेकर आए दिन घर में कलह होती रहती है। जब भी बच्चे विरोध करते हैं, तो राजेंद्र मारपीट और गाली-गलौज पर उतर आता है। उन्हें डर है कि अगर अब भी सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अगला शिकार कोई और हो सकता है।
14 टांके, मौत से संघर्ष
घटना के बाद सत्येंद्र को पहले आंवला सीएचसी ले जाया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बरेली रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर और गर्दन में 14 टांके लगे हैं और फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक है।
मां-बेटों की तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना आंवला में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




