बरेली। बहेड़ी थाना एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जानलेवा हमले जैसे गंभीर आरोपों में नामजद खनन माफिया सूर्या कुर्मी को लेकर सामने आई तस्वीरों और स्थानीय चर्चाओं ने बरेली पुलिस की कार्यप्रणाली पर करारा प्रहार किया है।
कानून के शिकंजे में होना चाहिए था जो शख्स, वह आज थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ वॉलीबॉल खेलता नजर आ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, थाना बहेड़ी में क्राइम नंबर 22/2026, दिनांक 7 जनवरी 2026 को प्रशांत शर्मा निवासी केशवपुरम की तहरीर पर सूर्या कुर्मी समेत अन्य के खिलाफ जान से मारने की कोशिश, अवैध हथियार और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
तहरीर में स्पष्ट आरोप है कि खनन माफिया सूर्या कुर्मी और उसके साथियों ने एक राय होकर प्रार्थी को घेर लिया, तमंचा दिखाकर गाली-गलौज की, बेरहमी से पिटाई की और फायरिंग कर जान लेने का प्रयास किया। पीड़ित की किस्मत अच्छी रही कि गोली नहीं लगी।
मुकदमा दर्ज… फिर गिरफ्तारी क्यों नहीं?
सवाल यह है कि इतने संगीन आरोपों के बावजूद सूर्या कुर्मी की गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई? स्थानीय सूत्र बताते हैं कि हाल ही में सूर्या कुर्मी को बहेड़ी थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ वॉलीबॉल खेलते हुए देखा गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
खनन माफिया की दबंगई, पुलिस की खामोशी
सूत्रों के अनुसार, सूर्या कुर्मी लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन के कारोबार में सक्रिय है।रात के अंधेरे में खनन से लदे डंपर बेखौफ होकर बहेड़ी थाना क्षेत्र से गुजरते हैं, लेकिन न पुलिस रोकती है, न खनन विभाग। आरोप यह भी है कि पुलिस संरक्षण के चलते सूर्या कुर्मी कानून को खुलेआम चुनौती दे रहा है। जानलेवा हमले का आरोपी यदि थाने में बेखौफ घूमे और पुलिस के साथ खेलता दिखे, तो आम नागरिक किससे न्याय की उम्मीद करेगा?
जनता में आक्रोश, भरोसा डगमगाया
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बहेड़ी थाने में कानून का इकबाल कमजोर पड़ता दिख रहा है, जबकि माफिया और दलाल मजबूत हो रहे हैं। पीड़ित पक्ष खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और जनता के मन में पुलिस की निष्पक्षता को लेकर गहरा अविश्वास पैदा हो चुका है।
उल्लेखनीय है कि एसएसपी बरेली लगातार अपराधियों और खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन सूर्या कुर्मी का मामला इन निर्देशों की पोल खोलता नजर आ रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है क्या सूर्या कुर्मी की तत्काल गिरफ्तारी होगी? क्या थाना बहेड़ी पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच होगी? या फिर कानून को ठेंगा दिखाने वालों को यूं ही खुली छूट मिलती रहेगी? Bareilly Post इस मामले पर नजर बनाए हुए है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




