उज़्बेकिस्तान के अलमाइक स्टेट टेक्निकल इंस्टीट्यूट से ऐतिहासिक MOU, रिसर्च और इनोवेशन में होगा साझा सफर
बरेली। उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में बरेली ने एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। बरेली कॉलेज, बरेली और विद्याश्री पार्थ महाविद्यालय, फरीदपुर ने उज़्बेकिस्तान के प्रतिष्ठित अलमाइक स्टेट टेक्निकल इंस्टीट्यूट, ताशकंद के साथ एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह करार भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच शैक्षणिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला माना जा रहा है।

छात्र-शिक्षक जाएंगे विदेश, साझा होगा रिसर्च और अनुभव
इस MOU के तहत दोनों देशों के छात्र और शिक्षक एक-दूसरे के संस्थानों में जाकर रिसर्च, इनोवेशन और अकादमिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। समझौते के अंतर्गत पर्यावरण विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, लाइफ साइंस और पेट्रोलियम इंजीनियरिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों में संयुक्त शोध कार्य किए जाएंगे।

प्रोफेसरों ने किया समझौते पर हस्ताक्षर
इस ऐतिहासिक करार पर विद्याश्री पार्थ महाविद्यालय की ओर से प्रोफेसर शिवओम सिंह, बरेली कॉलेज की ओर से प्रोफेसर राजेंद्र सिंह,ने अलमाइक स्टेट टेक्निकल इंस्टीट्यूट के रेक्टर प्रोफेसर खलिकुलो उत्कीर मिर्जा कमोलोविच के साथ हस्ताक्षर किए।
पेट्रोलियम पर बायोरेमेडिएशन का प्रभावशाली लेक्चर
समझौते के दौरान प्रोफेसर शिवओम सिंह ने अलमाइक इंस्टिट्यूट में पेट्रोलियम पदार्थों के बायोरेमेडिएशन द्वारा उपचार पर एक अत्यंत प्रभावशाली और शोध-आधारित व्याख्यान दिया। उनके अनुभव और शोध को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।वहीं प्रोफेसर राजेंद्र सिंह ने बरेली कॉलेज में हो रहे शोध कार्यों, नवाचारों और शैक्षणिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिससे भारतीय शिक्षा प्रणाली की मजबूत छवि प्रस्तुत हुई।
पारंपरिक पोशाक पहनाकर किया गया सम्मान
अलमाइक स्टेट टेक्निकल इंस्टीट्यूट के डीन पेट्रोलियम इंजीनियरिंग प्रोफेसर अब्दुगफार ने दोनों भारतीय प्रोफेसरों को पारंपरिक पोशाक पहनाकर सम्मानित किया, जो उनके अकादमिक योगदान का प्रतीक रहा।
प्रबंधन और प्राचार्य ने दी बधाई
विद्याश्री पार्थ महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. हरिओम सिंह राठौड़ ने प्रोफेसर शिवओम सिंह और प्रोफेसर राजेंद्र सिंह को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। बरेली कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर ओ. पी. राय ने भी दोनों प्रोफेसरों को बधाई देते हुए इसे कॉलेज के लिए गर्व का क्षण बताया।
क्या बोले प्रोफेसर
प्रोफेसर शिवओम सिंह ने कहा “यह समझौता हमारे लिए एक बड़ा अवसर है। इससे हमारे छात्रों और शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीखने और आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।”
प्रोफेसर राजेंद्र सिंह ने कहा “इस MOU के जरिए ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान होगा, जो हमारे संस्थान के लिए एक नए युग की शुरुआत साबित होगा।”
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




