पीलीभीत। जिला पंचायत पीलीभीत द्वारा वर्ष 2025-26 में जारी किए गए करीब 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडरों में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। टेंडर प्रक्रिया में नियमों को ताक पर रखकर अधूरे और अप्रमाणित दस्तावेजों के आधार पर निविदाएं स्वीकार किए जाने का आरोप लगा है। इस संबंध में ग्राम मथना जाप्ती निवासी पवनदीप सिंह ने माननीय मुख्य सचिव, आयुक्त एवं जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
टेंडर प्रक्रिया में ये सामने आईं गंभीर खामियां
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि जिला पंचायत द्वारा पत्रांक संख्या 1365 / नि० अनु० / जिला प० / 2025-26 के अंतर्गत जारी टेंडरों में विभागीय अधिकारियों ने अपने चहेते ठेकेदारों से साठगांठ कर नियमों की अनदेखी की।
लॉट नंबर 80
ठेकेदार स्वप्नील सिन्हा के शपथ पत्र एक माह पूर्व ही नोटरी किए गए, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
लॉट नंबर 173
राधिका कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर द्वारा लगाया गया अनुभव प्रमाण पत्र फर्जी बताया गया है।
अन्य कई टेंडरों में
ठेकेदारों के दस्तावेज न तो प्रमाणित हैं और न ही पूर्ण, इसके बावजूद निविदाएं स्वीकृत कर ली गईं और अब अनुबंध की तैयारी की जा रही है।
पारदर्शिता पर सवाल, सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका
शिकायत में कहा गया है कि टेंडर शर्तों का उल्लंघन कर कार्य आवंटन किया गया है, जिससे शासन के वित्तीय नियमों की खुली अवहेलना हुई है। ऐसे में सरकारी धन के दुरुपयोग की प्रबल संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों व संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के खेल पर रोक लग सके।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पीलीभीत जिला पंचायत के टेंडरों की होगी निष्पक्ष जांच? या फिर करोड़ों का खेल यूं ही दबा दिया जाएगा? जनता की नजरें अब प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




