बरेली। संगठित गिरोह द्वारा रंगदारी वसूली और जान से मारने की धमकी के आरोपों का मामला अब अदालत तक पहुंच गया है। थाना प्रेमनगर क्षेत्र के एक कपड़ा व्यापारी ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और विवेचना के आदेश की मांग की है। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पंचायत के बहाने बुलाकर की गई रंगदारी की मांग
प्रार्थी मोहसिन खां, निवासी मोहल्ला सुर्खा, थाना प्रेमनगर ने बताया कि 14 दिसंबर 2025 की शाम मो. बानखाना में नासिर की भाभी गुड़िया के घर पंचायत बुलाई गई थी। वह अपने साथी दानिश के साथ वहां पहुंचा, जहां पहले से कई लोग मौजूद थे।आरोप है कि बैठक में प्रवेश करते ही दरवाजे बंद कर दिए गए और उसे एक पुराने मुकदमे की प्रति दिखाते हुए कहा गया कि यदि जेल जाने से बचना है तो 20 लाख रुपये देने होंगे।
फायरिंग, लूट और वीडियो वायरल करने की धमकी
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की। इसी दौरान फिरोज ने तमंचा निकालकर जान से मारने की नीयत से फायर किया, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। इतना ही नहीं, आरोप है कि नासिर ने उसकी डिजिटल घड़ी और जरूरी कागजातों से भरा थैला छीन लिया, जबकि मोबाइल से वीडियो व फोटो भी बनाए गए। शिकायत करने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई।
हिस्ट्रीशीटर और फाउंडेशन से जुड़े लोगों पर आरोप
प्रार्थी ने अदालत को बताया कि नासिर एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके साथ शाकिर बेग, लाइवा, फिरोज, शहरोज, रूमाना सकलैनी, यासमीन अजहरी सहित अन्य लोग जुड़े हुए हैं। आरोप है कि यह गिरोह झूठे मुकदमों का डर दिखाकर लोगों से लाखों रुपये वसूलता है।
पुलिस में शिकायत के बाद भी नहीं दर्ज हुआ मुकदमा
मोहसिन खां का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत थाना प्रेमनगर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य उच्च अधिकारियों से भी की, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद मजबूर होकर उसने अदालत की शरण ली है। इसके बाद थाना प्रेम नगर में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




