बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र स्थित ईट पजाया चौराहे पर मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से रेलवे की बेशकीमती जमीन पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। सुबह होते ही इलाके में बुलडोजर गरजने लगे और देखते ही देखते झुग्गी-झोपड़ियों से लेकर पक्के मकानों तक पर कार्रवाई शुरू हो गई। रेलवे द्वारा करीब 52 अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित किया गया था, जिन्हें हटाने की प्रक्रिया जारी है।
छावनी में बदला इलाका, भारी पुलिस बल तैनात
अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रेलवे और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस की भारी तैनाती की गई। पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। रेलवे के दो बुलडोजर लगातार अवैध ढांचों को गिराने में जुटे रहे। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
नोटिस के बावजूद नहीं हटाया गया कब्जा
रेलवे अधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई है। अतिक्रमणकारियों को जमीन खाली करने के लिए पहले ही कई बार नोटिस जारी किए गए थे। बावजूद इसके, कब्जा नहीं हटाया गया। ऐसे में रेलवे प्रशासन को मजबूरन बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी पड़ी।
विरोध की कोशिश, प्रशासन रहा सख्त
कार्रवाई शुरू होते ही कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल और प्रशासन की सख्ती के चलते प्रदर्शन बेअसर रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह जमीन रेलवे की है और अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
अतिक्रमण मुक्त होगी जमीन, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
रेलवे प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद इस भूमि का उपयोग रेलवे के विकास कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए किया जाएगा। इससे न सिर्फ क्षेत्र का स्वरूप बदलेगा, बल्कि भविष्य में रेलवे सुविधाओं के विस्तार का रास्ता भी साफ होगा।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




