केंद्रीय बजट से जुड़ेंगे युवा, ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ

SHARE:

बरेली। देश के युवाओं को केंद्रीय बजट की प्रक्रिया से जोड़ने और राष्ट्रीय आर्थिक विमर्श में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने सोमवार को राष्ट्रीय स्तर पर ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ की शुरुआत की। यह कार्यक्रम माय भारत (मेरा युवा भारत) प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आम बजट 2026-27 की प्राथमिकताओं, विकास योजनाओं और आर्थिक दृष्टिकोण से अवगत कराना है, ताकि वे ‘विकसित भारत’ के विजन में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

क्विज से होगी शुरुआत, निबंध लेखन में दिखेगी युवाओं की सोच

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस प्रतियोगिता की शुरुआत 3 फरवरी से माय भारत प्लेटफॉर्म पर राष्ट्रीय स्तर के ऑनलाइन क्विज के माध्यम से होगी। यह क्विज पूरी तरह से केंद्रीय बजट 2026 पर आधारित होगा, जिसमें 30 प्रश्न पूछे जाएंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवाओं को 17 फरवरी तक माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा।

दूसरे चरण में निबंध लेखन प्रतियोगिता

क्विज में सफल प्रतिभागियों को 17 फरवरी से 3 मार्च तक आयोजित होने वाले दूसरे चरण में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस चरण में युवाओं को ‘विकसित भारत’ के विजन से जुड़े बजट आधारित आठ विषयों में से किसी एक विषय पर निबंध लिखना होगा।

10 मार्च को जारी होगी मेरिट लिस्ट

खेल मंत्री ने बताया कि 10 मार्च को राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर मेरिट सूची जारी की जाएगी। चयनित विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ‘विकसित भारत बजट विजन’ पर संवाद करने का विशेष अवसर मिलेगा।

युवाओं के सुझावों को मिला बजट में स्थान

मांडविया ने कहा कि इस वर्ष बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद के दौरान युवाओं द्वारा दिए गए सुझावों की सराहना की थी और बताया था कि कुछ सुझावों को आम बजट 2026-27 में शामिल भी किया गया है। यह युवाओं की भागीदारी की सफलता को दर्शाता है।

युवाओं की आवाज को मिलेगी नई ताकत

उन्होंने कहा कि ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ के जरिए देश के युवाओं की आवाज को और मजबूत किया जाएगा और उन्हें नीति निर्माण से सीधे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

सोना चांदी की कीमत
और पढ़ें
error: Content is protected !!