राजपुर कला में आग का तांडव: मकान-दुकानों में भीषण आग, पहली मंजिल पर फंसा व्यापारी का परिवार, ग्रामीण बने देवदूत

SHARE:

बरेली। थाना अलीगंज क्षेत्र के कस्बा राजपुर कला में बुधवार तड़के एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। सरकारी बाजार के सामने स्थित व्यापारी शुभम माहेश्वरी उर्फ बॉबी के मकान और दुकानों में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि व्यापारी का पूरा परिवार मकान की पहली मंजिल पर फंस गया, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता ने बड़ा हादसा टाल दिया।

ग्रामीणों ने पड़ोसी मकान पर सीढ़ी लगाकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान दो लोग मामूली रूप से घायल भी हुए। आग से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

सुबह साढ़े छह बजे दिखा धुआं, देखते ही देखते विकराल हुई आग

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे ग्रामीणों ने शुभम माहेश्वरी की दुकानों से धुआं निकलते देखा। सूचना मिलते ही शुभम मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर, जूता-चप्पल की दुकान और गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया।

मकान के बाहरी हिस्से में दो दुकानें थीं, जबकि अंदर कई गोदाम बने थे। बराबर की दुकान भूरे सिद्दीकी की थी, जिसमें कॉस्मेटिक और जनरल स्टोर का सामान रखा था। पहली मंजिल पर पूरा परिवार रहता था।

फायर ब्रिगेड की देरी, एक गाड़ी में नहीं था पानी

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन करीब एक घंटे बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों का आरोप है कि एक फायर ब्रिगेड वाहन में पानी ही नहीं था, जिससे आक्रोश फैल गया।

हालात बिगड़ते देख रमेश गुप्ता ने अपना सबमर्सिबल पंप चलवाया। ग्रामीणों ने तालाब और आसपास के घरों से पानी लाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकानों का सारा सामान जलकर राख हो चुका था और आग घर के अंदर तक फैल गई थी।

12 किलोमीटर दूर आंवला, फिर भी दो घंटे की देरी

ग्रामीणों ने बताया कि आंवला से राजपुर कला की दूरी मात्र 12 किलोमीटर है। आपात सेवा 15-20 मिनट में पहुंच सकती थी, लेकिन फायर ब्रिगेड को लगभग दो घंटे लग गए। यदि समय पर दमकल पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था।

कैबिनेट मंत्री धर्मपाल पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित को अधिक से अधिक मुआवजा दिलाया जाए।

प्रशासन मौके पर रहा मौजूद

मौके पर नायब तहसीलदार दीप्ति पाल, हल्का लेखपाल,थाना अलीगंज प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह, हल्का एसआई रूप किशोर व राजेश यादव पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।

पहली बार हुई ऐसी घटना

ग्रामीणों का कहना है कि राजपुर कला में इस तरह की बड़ी आग की घटना पहली बार हुई है, जिसने पूरे कस्बे को झकझोर कर रख दिया।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!