योगी के आदेश से बरेली में हड़कंप, चाइनीज मांझे पर बड़ी रेड

SHARE:

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों के बाद बरेली प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का निर्माण या बिक्री पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों तक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, इस जानलेवा मांझे से यदि किसी की मौत होती है, तो दोषियों के खिलाफ सीधे हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आदेश जारी होते ही बरेली के बाकरगंज इलाके में खलबली मच गई।

‘मांझा नगरी’ बाकरगंज में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त रेड

गुरुवार को किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई का नेतृत्व एसपी सिटी मानुष पारीक और एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने किया। अभियान के दौरान एएसपी सोनाली मिश्रा भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहीं।

टीम ने मांझा निर्माण से जुड़े कई अड्डों पर दबिश देकर वहां इस्तेमाल हो रहे केमिकल, रंग और पिसे हुए कांच की गहन जांच की। संदिग्ध सामग्री के सैंपल भी एकत्र किए गए, ताकि यह पुष्टि की जा सके कि कहीं प्रतिबंधित चाइनीज मांझा तो नहीं बनाया जा रहा।

अधिकारियों की दो टूक चेतावनी-बख्शा नहीं जाएगा दोषी

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि यह अभियान शासन के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर जानलेवा चाइनीज मांझे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ बाकरगंज तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे जनपद में लगातार अभियान चलाया जाएगा।

बरेली के मांझे की साख बचाना प्रशासन की प्राथमिकता

अधिकारियों ने कहा कि बरेली का पारंपरिक मांझा देश-विदेश में अपनी गुणवत्ता के लिए पहचाना जाता है, लेकिन चाइनीज मांझे ने इसकी छवि को नुकसान पहुंचाया है और आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि पतंगबाजी किसी के लिए खतरा न बने और शहर की पहचान सुरक्षित रहे।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!