महिला व बेटी पर कहर: देवर-ससुर पर मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी के गंभीर आरोप

SHARE:

बरेली। थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र से घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न का झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही देवर, देवरानी और ससुर पर बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट, खुद के साथ छेड़छाड़, सामूहिक हमला और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, 2 फरवरी 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे उसकी बेटी घर के लैट्रीन में शौच के लिए गई थी। इसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि देवर, उसकी पत्नी और ससुर ने मिलकर बेटी को गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर मां बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपियों ने एकराय होकर महिला को भी निशाना बनाया।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने उसी दिन थाने में शिकायत की, तो शाम करीब 6 बजे देवर ने पीछे से पकड़कर गलत नीयत से छेड़छाड़ की। इस दौरान उसके बाल तक उखाड़ दिए गए। शोर मचाने पर अन्य आरोपी मौके पर पहुंचे और फिर से मारपीट की। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर दोबारा थाने गई तो मां-बेटी दोनों को जान से मार दिया जाएगा।

पीड़िता ने एसएसपी से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!