बरेली। लोगों की जान के लिए खतरा बने शीशा लेपित व प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ बरेली पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। बीते 20 दिनों में पुलिस ने 13 मुकदमे दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शहर भर में मांझा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर से लेकर देहात तक दुकानों, गोदामों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। हर क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी (CO) स्वयं दुकानों और अन्य स्थानों पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं, ताकि कहीं भी जानलेवा मांझा न बिक सके।
एसएसपी का सख्त संदेश: जान से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी कीमत पर प्रतिबंधित मांझे की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह मांझा सीधे तौर पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
मांझा कारोबारियों के साथ होगी बैठक
एसएसपी ने बताया कि पुलिस शीघ्र ही मांझा कारोबारियों के साथ बैठक करेगी। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे कि मांझे में किसी भी प्रकार की खतरनाक सामग्री जैसे शीशा या अन्य जानलेवा तत्व न मिलाए जाएं। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही कारोबारियों से अपील की जाएगी कि यदि उनकी जानकारी में कोई व्यक्ति अवैध या प्रतिबंधित मांझे का निर्माण या बिक्री करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कहीं भी जानलेवा मांझा बनता या बिकता पाया गया, तो दुकानदार से लेकर निर्माता तक के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




