एटीएस अफसर बनकर साइबर जालसाजी, रिटायर्ड इंस्पेक्टर को बैंक में बनाया बंधक

SHARE:

लखनऊ।“मैं पुणे से बोल रहा हूं… एटीएस का डीआईजी हूं। पहलगाम आतंकी हमले में आतंकियों के खातों में आपके अकाउंट से ट्रांजैक्शन हुआ है… आप टेरर फंडिंग में नामजद हैं।” फोन पर बस इतना कहना था कि नगर निगम के रिटायर्ड इंस्पेक्टर छेदीलाल पटेल के हाथ–पांव फूल गए। देशद्रोह और आतंकी फंडिंग जैसे शब्दों ने उन्हें इस कदर डरा दिया कि वह कुछ सोच–समझ ही नहीं पाए।

बैंक जाते वक्त आया कॉल, वहीं कर दिया ‘डिजिटल अरेस्ट’

मूल रूप से लखनऊ में रह रहे छेदीलाल पटेल गोमती नगर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के अंचल कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में ही साइबर जालसाज का कॉल आया।

जालसाज ने खुद को एटीएस का डीआईजी बताया और कहा कि उनके बैंक खाते की तत्काल जांच होगी। छेदीलाल ने जैसे ही बताया कि वह बैंक पहुंचने वाले हैं, जालसाज ने उन्हें बैंक परिसर में ही वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” कर लिया।

 भीड़ में अकेला पड़ गया शिकार, मदद मांगने की हिम्मत नहीं हुई

हैरानी की बात यह रही कि बैंक में उनके आसपास कई लोग मौजूद थे।

बैंक के विधि अधिकारी तक उनके परिचित थे, लेकिन इसके बावजूद छेदीलाल एक कोने में चुपचाप बैठे रहे और साइबर ठगों के हर इशारे पर काम करते रहे। डर, दबाव और आतंकियों से जुड़े झूठे आरोपों ने उनके दिमाग पर ऐसा कब्जा कर लिया कि वह न किसी से बात कर सके, न मदद मांग पाए, न सही–गलत का फर्क कर सके

 बैंक कर्मचारियों की सूझबूझ से खुला राज

बैंक कर्मचारी राजकुमार और विधि अधिकारी मनीष सिंह की नजर जब छेदीलाल पर पड़ी तो उन्हें कुछ असामान्य लगा। बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन छेदीलाल टालमटोल करते रहे। शक गहराने पर कर्मचारियों ने उनका मोबाइल फोन देखा तभी पूरा माजरा सामने आ गया। मोबाइल पर साइबर जालसाज वीडियो कॉल पर मौजूद थे और लगातार निर्देश दे रहे थे।

ठगों को लगाई कड़ी फटकार, कॉल कटते ही जालसाज फरार

बैंक कर्मचारियों ने बिना देर किए साइबर जालसाजों को कड़ी फटकार लगाईवीडियो कॉल तत्काल डिस्कनेक्ट करवाई। इसके बाद ठग तुरंत गायब हो गए। यदि कुछ मिनट और देर हो जाती, तो छेदीलाल से बड़ी रकम ठगी जा सकती थी।

साइबर क्राइम सेल में दी गई तहरीर

घटना की जानकारी मिलते ही साइबर क्राइम सेल में लिखित तहरीर दी गई है, कॉल डिटेल और वीडियो कॉल से जुड़े साक्ष्य सौंपे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!