बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने रविवार को इज्जतनगर मंडल के रामनगर रेलवे स्टेशन एवं कोच केयर सेंटर का गहन संरक्षा एवं विकासात्मक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार समेत सभी शाखा अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सबसे पहले कोच केयर सेंटर रामनगर में संरक्षा से जुड़े अत्याधुनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सीबीसी गेज बॉक्स, पोल व्हील सिम्युलेटर, बफर हाइट गेज, हैंड ब्रेक इंडिकेटर, अल्ट्रासोनिक थिकनेस गेज समेत कई महत्वपूर्ण यंत्रों की उपयोगिता पर अधिकारियों व पर्यवेक्षकों से सवाल पूछे और संरक्षा मानकों को लेकर आवश्यक जानकारियां साझा कीं।
पानी की खपत कम करने के निर्देश, संरक्षा पर सख्त रुख
फिटर रूम, मशीन रूम, स्क्रैप रूम, बायो टॉयलेट लैब, मैकेनाइज्ड क्लीनिंग यूनिट और बायो टॉयलेट अनुरक्षण कक्ष के निरीक्षण के बाद वाशिंग पिट पर पहुंचे महाप्रबंधक ने पानी की अनावश्यक खपत पर चिंता जताई और इसे कम करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
रोलिंग पॉइंट पर कार्यरत कर्मचारियों से संरक्षा से जुड़ी सावधानियों के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने ड्यूटी के दौरान कर्तव्यनिष्ठा और सतर्कता को सर्वोपरि रखने पर जोर दिया।
अमृत भारत योजना के तहत रामनगर स्टेशन का कायाकल्प
इसके बाद महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए गए रामनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजनों के लिए बने सहयोग बूथ, पुनर्निर्मित आरक्षण भवन, स्टेशन पैनल कक्ष और संरक्षा उपकरणों का गहन निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधारों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
यात्रियों को मिल रही आधुनिक सुविधाएं
अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत रामनगर स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। स्टेशन पर अब यात्रियों के लिए, आधुनिक प्रतीक्षालय कक्षा, मॉडर्न टॉयलेट ब्लॉक, आकर्षक स्टेशन फसाड, प्लेटफार्म का उच्चीकरण, जीआरपी पोस्ट व आरक्षण भवन, सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश-निकास द्वार, सिस्टमैटिक नालियां, चौथे पीपी शेल्टर, बेहतर साइनेज व लाइटिंग, वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा, उपलब्ध कराई गई हैं।
दिव्यांगजनों और सेल्फी लवर्स के लिए खास इंतजाम
दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए टेक्सटाइल पथ, रैंप, वाटर बूथ, टिकट काउंटर, टॉयलेट, पार्किंग और विशेष सहयोग बूथ बनाए गए हैं। वहीं स्टेशन परिसर में नव स्थापित हाथी और बाघ की आकर्षक आकृतियां यात्रियों के लिए सेल्फी प्वाइंट बनकर खासा आकर्षण बटोर रही हैं।
निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक ने कहा कि यात्री सुरक्षा, सुविधा और आधुनिक अधोसंरचना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी दिशा में कार्य तेजी से किया जा रहा है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




