800 करोड़ की ठगी, 700 से अधिक पीड़ित-लुकआउट नोटिस और कुर्की तक सिमटी कार्रवाई
बरेली। निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार हुए कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी के खिलाफ मुकदमों का आंकड़ा अब अर्धशतक पार कर चुका है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद पुलिस अब तक उसे पकड़ नहीं सकी है। लुकआउट नोटिस, संपत्ति कुर्की जैसी कागजी कार्रवाई जरूर हुई है, लेकिन मुख्य आरोपी और उसके गिरोह के सदस्य अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं।
बताया जा रहा है कि कन्हैया गुलाटी और उसके नेटवर्क ने करीब 700 से अधिक निवेशकों से 800 करोड़ रुपये तक की ठगी की है। लगातार एफआईआर दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
चार नई एफआईआर, ठगी का दायरा और बढ़ा
इस मामले में हाल ही में चार और एफआईआर दर्ज की गई हैं। मुरादाबाद के मोहल्ला नई बस्ती निवासी कलीम अहमद ने बताया कि उन्होंने कैनविज कंपनी में 17.75 लाख रुपये का निवेश किया था। उनके साथ करीब 58 अन्य लोग भी ठगी का शिकार हुए हैं। वहीं रामपुर के थाना अजीमनगर क्षेत्र के गांव मजरा निवासी जुबेर ने बताया कि उन्होंने कंपनी में 2 लाख रुपये लगाए थे, जबकि उनके साथ 186 से अधिक निवेशकों की रकम फंसी हुई है।
व्हाट्सएप कॉल से धमकी, फिर भूमिगत हुआ आरोपी
पीड़ितों के अनुसार शुरुआत में कन्हैया गुलाटी, निवासी शहदाना कॉलोनी, मॉडल टाउन, थाना बारादरी, भारी मुनाफे का लालच देता रहा। इसके बाद उसने केवल व्हाट्सएप कॉल पर बात करना शुरू कर दिया। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी भूमिगत हो गया। आरोप है कि अब भी वह व्हाट्सएप कॉल के जरिए पीड़ितों को धमका रहा है।
769 निवेशकों से 25 करोड़ से अधिक की ठगी का आरोप
थाना इज्जतनगर क्षेत्र के वीर सावरकर नगर निवासी योगेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उन्होंने कंपनी में 26 लाख रुपये निवेश किए थे। उनके अनुसार, 769 निवेशकों से 25 करोड़ 88 लाख 79 हजार 842 रुपये की ठगी की गई है। इसी तरह प्रमोद सिंह परिहार, निवासी ट्यूलिप टावर, स्टेडियम रोड के सामने, ने बताया कि उन्होंने 25 लाख रुपये निवेश किए थे और उनके साथ 12 अन्य लोग भी कंपनी से जुड़े थे।
थानों से निराश होकर कोर्ट की शरण
पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने थाना बारादरी और एसएसपी बरेली को व्यक्तिगत और स्पीड पोस्ट से शिकायतें भेजीं, लेकिन लंबे समय तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। मजबूर होकर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी, तब जाकर मुकदमे दर्ज हो सके।
परिवार की भूमिका की जांच की मांग
कुछ प्रार्थना पत्रों में आरोपी की पत्नी राधिका गुलाटी, बेटे गोपाल गुलाटी और अन्य परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों, बैंक खातों और फॉरेक्स ट्रेडिंग अकाउंट्स की जांच की मांग की गई है। आरोप है कि पूरा परिवार इस ठगी के गोरखधंधे में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
36 लाख की ठगी और कार लोन में फंसाने का मामला भी दर्ज
थाना बारादरी पुलिस ने स्वाले नगर नवदिया निवासी मोहन मौर्य की तहरीर पर कन्हैया गुलाटी समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित के अनुसार, दो वर्ष पहले पुष्पेन्द्र उर्फ सोनू चन्द्रा और नरेश मौर्य, जो खुद को होमगार्ड से जुड़ा बताते थे, उनके घर पहुंचे और पांच प्रतिशत मासिक ब्याज का लालच दिया। आरोप है कि 36 लाख रुपये हड़प लिए गए। बाद में पीड़ित को महिंद्रा XUV 3XO कार लोन में फंसा दिया गया, जिसकी 23,531 रुपये मासिक किस्त वह चुकाने को मजबूर है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।



