बरेली। थाना भुता क्षेत्र के गांव पड़ौली में एक महिला के वर्षों से लापता होने का मामला फिर से चर्चा में आ गया है। गांव के पूर्व प्रधान ने महिला की हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताते हुए पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
2006 से गांव में रह रहा था ‘डॉक्टर बंगाली’
पूर्व प्रधान महेंद्र पाल के अनुसार वर्ष 2006 में असीम उर्फ अमित कुमार पुत्र भूपेंद्र नाथ, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का निवासी बताया जाता है, गांव में आकर रहने लगा था। वह स्वयं को ‘डॉक्टर बंगाली’ बताकर ग्रामीणों का इलाज करता था। उसके साथ उसकी पत्नी रजनी देवी और तीन बच्चे (एक पुत्र व दो पुत्रियां) भी गांव में रह रहे थे।
2017 में हुआ था विवाद, फिर अचानक गायब हुई पत्नी
तहरीर में बताया गया है कि वर्ष 2017 में असीम और उसकी पत्नी रजनी देवी के बीच पारिवारिक विवाद हुआ था। मामला थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया। लेकिन समझौते के कुछ ही दिनों बाद रजनी देवी अचानक घर से लापता हो गई। उसके बाद से अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका
गांव में लंबे समय से चर्चा है कि महिला की गुमशुदगी के पीछे उसके पति का हाथ हो सकता है। ग्रामीणों में आशंका है कि रजनी देवी की हत्या कर साक्ष्य छिपा दिए गए। हाल ही में थाना क्योलड़िया पुलिस भी असीम उर्फ अमित कुमार की तलाश में गांव पहुंची थी, जिससे यह मामला दोबारा सुर्खियों में आ गया।
पुलिस का बयान
थाना भुता पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।


