78.50 लाख का मार्बल विवाद बना सियासी संग्राम, सीओ जांच के बीच सपा नेता पर मुकदमा

SHARE:

बरेली। मिनी बाईपास स्थित सनराइज मकराना मार्बल से जुड़ा 78.50 लाख रुपये का विवाद अब सियासी गलियारों तक पहुंच गया है। मार्बल कारोबारी और पूर्व सपा-बसपा महानगर अध्यक्ष इकबाल रजा तथा कारोबारी रिजवान अहमद के बीच चल रहा लेन-देन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसी बीच थाना बारादरी में सपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। मामले की जांच सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव कर रहे हैं।

78.50 लाख निवेश का दावा, चेक बाउंस से बढ़ा विवाद

इकबाल रजा का आरोप है कि वर्ष 2019 में रिजवान अहमद और उसके बहनोई ने उन्हें मार्बल और टाइल्स के कारोबार में पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि उन्होंने कुल 78.50 लाख रुपये निवेश किए, जिनमें 25 लाख रुपये चेक के माध्यम से और 53.50 लाख रुपये नकद दिए गए।

इकबाल का कहना है कि तय मुनाफा नहीं दिया गया। रकम वापस मांगने पर 45 लाख रुपये का चेक दिया गया, जो खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद विवाद और गहरा गया।

घर में घुसकर मारपीट और धमकी का आरोप

इकबाल रजा ने आरोप लगाया है कि 28 दिसंबर 2025 की रात उनके घर में घुसकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में उन्होंने थाना बारादरी में तहरीर दी है।

दूसरे पक्ष का पलटवार: ‘सिर्फ 20 लाख उधार लिया था’

वहीं रिजवान अहमद ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि लॉकडाउन के दौरान व्यापार में घाटा होने पर उन्होंने 20 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसे ब्याज सहित चुका दिया गया है। उनका आरोप है कि विपक्षी पक्ष अब रंगदारी की मांग कर रहा है और दबाव बना रहा है।

इंस्पेक्टर की जांच आख्या में क्या सामने आया?

थाना बारादरी इंस्पेक्टर की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में मामले को पार्टनरशिप के व्यापारिक लेन-देन से जुड़ा बताया गया है, जिसे सिविल प्रकृति का विवाद माना गया है। रिपोर्ट में सपा नेता मोहम्मद साजिद का सीधे तौर पर किसी आर्थिक लेन-देन से संबंध नहीं पाया गया है।

राजनीतिक हलकों में हलचल

इकबाल रजा पूर्व में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी में महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि मोहम्मद साजिद समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बताए जाते हैं। ऐसे में मुकदमा दर्ज होने के बाद यह विवाद राजनीतिक रंग भी लेता दिख रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जांच की दिशा और मुकदमे की धाराओं पर सबकी नजर टिकी हुई है।

 सीओ स्तर पर जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला फिलहाल सीओ तृतीय स्तर पर जांचाधीन है। बैंक लेन-देन, चेक बाउंस से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!