बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के एक सजग कर्मचारी की सतर्कता से एक संभावित रेल हादसा टल गया। महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर चार कर्मचारियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ घोषित कर सम्मानित किया, जिसमें इज्जतनगर मंडल के ट्रैकमेंटेनर देवेंद्र कुमार भी शामिल हैं।
31 दिसंबर को दिखाई दी टूटी रेल, तुरंत संभाली स्थिति
जानकारी के अनुसार, बदायूँ सेक्शन में सीनियर सेक्शन इंजीनियर/रेलपथ के अधीन कार्यरत ट्रैकमेंटेनर देवेंद्र कुमार ने 31 दिसंबर 2025 को सोरों यार्ड और मानपुर नगरिया स्टेशन के बीच निरीक्षण के दौरान बाईं ओर की रेल टूटी हुई देखी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना देर किए रेलपथ को सुरक्षित कराया और तत्काल इसकी सूचना रेलपथ पर्यवेक्षक को दी। सूचना मिलते ही ट्रैक को तुरंत दुरुस्त कराया गया। उनकी सूझबूझ और तत्परता से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
महाप्रबंधक ने किया सम्मानित
11 फरवरी 2026 को गोरखपुर स्थित महाप्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में देवेंद्र कुमार को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार सहित सभी शाखा अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने उनके सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह सजग रहने का आह्वान किया।
रेलवे का संदेश:
रेल संरक्षा सर्वोपरि है, और कर्मचारियों की सजगता ही यात्रियों की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।



