जंगल में मुठभेड़: गौकशी की फिराक में दो दबोचे, एक के पैर में लगी गोली

SHARE:

भोजीपुरा में तड़के 2 बजे पुलिस पर फायरिंग, कांस्टेबल बाल-बाल बचा; 315 बोर तमंचा और औजार बरामद

बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम सिघांई कायस्थान के जंगल में शनिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गौकशी की फिराक में जुटे बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही के बाजू को छूते हुए गोली निकल गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश में इलाके में देर रात तक कॉम्बिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस के मुताबिक 14 फरवरी की रात करीब 2:10 बजे थाना प्रभारी भोजीपुरा पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिघांई कायस्थान के जंगल में कुछ लोग प्रतिबंधित पशु की गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके की ओर रवाना हुई और जंगल को चारों ओर से घेर लिया।

बताया जाता है कि जैसे ही पुलिस टीम ने आगे बढ़कर संदिग्धों को ललकारा, बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने संयम रखते हुए मोर्चा संभाला।

जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल

पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में राजू पुत्र अली जान कुरैशी निवासी मोलागढ़, थाना भोजीपुरा के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं एक गोली कांस्टेबल रिंकू के बाजू को छूते हुए निकल गई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भोजीपुरा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हथियार और उपकरण बरामद

घायल आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध छुरी बरामद की गई। इसके अलावा मौके से गौकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से इकराम पुत्र छोटन निवासी वार्ड-9 धौराटांडा को भी गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी और गौकशी से जुड़े गिरोह का हिस्सा हैं। मौके से फरार अन्य साथियों की पहचान की जा रही है।

पहले से दर्ज हैं 18 मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल आरोपी राजू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में करीब 18 मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। दोनों गिरफ्तार आरोपी थाना भोजीपुरा में पंजीकृत मु0अ0सं0 51/26 धारा 3/5/8 सीएस एक्ट से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!