बैग दिखाने के बहाने उड़ाया सामान,इस्लामिया रोड की मशहूर दुकान पर वारदात, वीडियो वायरल
बरेली। थाना कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने बैग दिखाने के बहाने दुकान से सामान पार कर दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी की पूरी हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर निवासी इश्तिहार हुसैन उर्फ बबलू की इस्लामिया रोड पर स्कूली बैग, लगेज बैग और चेन रिपेयरिंग की पुरानी और प्रतिष्ठित दुकान है। दुकानदार के मुताबिक, उनके यहां हाथ से तैयार किए गए मजबूत बैग बेचे जाते हैं, जो वर्षों तक चलते हैं। इसी वजह से दूर-दराज से ग्राहक खरीदारी और रिपेयरिंग के लिए आते हैं।
जैकेट की चेन बनवाने आया, मौका पाकर बैग ले उड़ा
दुकानदार के अनुसार, कुछ दिन पहले भूता थाना क्षेत्र का एक युवक अपनी जैकेट की चेन ठीक कराने आया। उसके पास पहले से एक बैग था और उसने नया बैग दिखाने को कहा। कर्मचारियों ने उसे अलग-अलग बैग दिखाने शुरू किए। इसी दौरान युवक ने मौका देखकर एक बैग दबा लिया और चुपचाप दुकान से निकल गया।
सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
जब स्टॉक मिलान के दौरान बैग कम निकला तो कर्मचारियों को शक हुआ। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें युवक की पूरी हरकत साफ दिखाई दी। फुटेज सामने आते ही दुकानदार ने पुलिस से शिकायत की और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले भी हो चुकी है चोरी
इश्तियाक उर्फ बबलू ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान भी चौपला क्षेत्र के कुछ युवकों द्वारा दुकान में चोरी की घटना हुई थी। उस समय भी कोतवाली पुलिस को शिकायत दी गई थी और आरोपियों से पूछताछ की गई थी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।



