दरोगा व सिपाही भी घायल, धौराटांडा डकैती कांड के वांछित निकले आरोपी- 60 हजार रुपए नकद, तमंचे और पिकअप बरामद
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात नहर किनारे पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में दहशत फैल गई। करीब पौने दो बजे हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने चार शातिर बदमाशों को दबोच लिया, जबकि दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। जवाबी फायरिंग के दौरान एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी भोजीपुरा में भर्ती कराया गया।
नंबर प्लेट ढकी पिकअप से खुला राज
पुलिस टीम गश्त पर थी तभी ग्राम मसीत से महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप खड़ी दिखी, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी थी। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो चालक वाहन लेकर नहर किनारे भाग निकला। कुछ दूर जाकर पिकअप पेड़ से टकरा गई। इसके बाद बदमाश खेतों की ओर भागते हुए पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे।
बदमाशों की गोली से दरोगा रुक्वेश सिंह और सिपाही संजय सागर घायल हो गए। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने अकरम अली पुत्र छीटू शाह निवासी लभेड़ा थाना हाफिजगंज तथा आसिफ पुत्र बशीर निवासी तुलसी नगर एजाज नगर गौटिया थाना बारादरी को घायल अवस्था में पकड़ा। मौके से साहिल और शाहिद पुत्र मोहम्मद आरिफ उर्फ पप्पू निवासी तुलसी नगर एजाज नगर गौटिया को भी दबोच लिया गया।
धौराटांडा डकैती के थे वांछित
पूछताछ में खुलासा हुआ कि चारों आरोपी हाल ही में थाना भोजीपुरा में दर्ज मुकदमा संख्या 87/26, धारा 310(2) बीएनएस (धौराटांडा डकैती कांड, 12/13 फरवरी) में वांछित थे। इतना ही नहीं, अकरम और आसिफ ने 9/10 फरवरी की रात शाहाबाद (जनपद हरदोई) में भी डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।
बरामदगी ने खोली पोल
मौके से 60 हजार नकद, दो अवैध तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार साथियों की तलाश में दबिश जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
इलाके में चर्चा का विषय बनी मुठभेड़
नहर किनारे आधी रात चली गोलियों की गूंज से आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल पुलिस इस मुठभेड़ को बड़ी कामयाबी मान रही है, जबकि जांच के बाद ही पूरे गिरोह के काले कारनामों का खुलासा होने की बात कही जा रही है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।



