बरेली। दरगाह आला हज़रत में सोमवार को आज़मीन-ए-हज के लिए विशेष टीकाकरण व प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिले भर से पहुंचे करीब 100 हज यात्रियों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनिवार्य टीके लगाए, वहीं उलेमा ने हज के अरकान और एहतियातों की विस्तार से जानकारी दी।
शिविर का आयोजन दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रज़ा क़ादरी (अहसन मियां) की सदारत में दरगाह स्थित मदरसा मंजर-ए-इस्लाम में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे तिलावत-ए-कुरान से हुई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया टीकाकरण
जिला चिकित्सालय की टीम ने डीआईओ डॉ. प्रशांत रंजन के नेतृत्व और डॉ. साहिबान अली की निगरानी में टीकाकरण किया। नवाबगंज, फतेहगंज, मीरगंज, फरीदपुर, आंवला, अलीगंज समेत शहर और देहात के हज यात्रियों ने शिविर में हिस्सा लिया।
हज के पांच अहम दिन और अरकान की दी जानकारी
मुफ्ती जमील और मुफ्ती सलीम नूरी बरेलवी ने हज के अहम दिनों 8, 9, 10, 11 और 12 ज़िलहिज्जा की फजीलत बताते हुए काबा शरीफ का तवाफ, एहराम बांधने का सही तरीका, शैतान को कंकड़ी मारना, सफा-मरवा की सई, मिना और अरफात के मैदान में अदा की जाने वाली इबादतों की विस्तार से जानकारी दी।
हज ट्रेनर सुहैल साबरी और रिजवाना खान ने यात्रियों को आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सभी आज़मीन स्मार्टफोन चलाने की तैयारी रखें। सऊदी अरब में किसी भी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1966 पर संपर्क किया जा सकता है।
हज यात्रा की तैयारियों पर विशेष जोर
शिविर में हज सफर के दौरान ले जाने वाले जरूरी सामान, प्रतिबंधित वस्तुओं और सुरक्षा संबंधी सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। दरगाह की ओर से सभी हज यात्रियों को “हज व जियारत” किताब वितरित की गई, जिसमें हज की मुकम्मल जानकारी दी गई है।
इस मौके पर मौलाना अबरार उल हक, अनवारुल सादात, नाजिम रज़ा, अल्पसंख्यक विभाग से मोहम्मद राशिद, हाजी ताजुद्दीन, रईस अहमद, आफताब सुहैल, इकबाल अख्तर सहित स्वास्थ्य विभाग के शाहिद रज़ा, स्नेहिल सिंह, अंशिका सक्सेना, मोनिका रावत और राखी त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा।
मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि दरगाह की ओर से आगे भी हज यात्रियों की सहूलियत के लिए इस तरह के मार्गदर्शन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।



