बरेली। फतेहगंज पूर्वी में प्रेम विवाह के बाद दहेज की कथित मांग और मानसिक प्रताड़ना ने एक युवती की जिंदगी छीन ली। आरोप है कि युवक ने 20 लाख रुपये की मांग करते हुए शादी से मुकरने की धमकी दी। लगातार दबाव से परेशान युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे बरेली से दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने थाना फतेहगंज पूर्वी में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
कस्बा फतेहगंज पूर्वी के मुताबिक उनकी बेटी 21 नवंबर 2025 को दवा लेने बरेली गई थी। आरोप है कि वहीं से विनीत (निवासी शाहदपुर गुलाल, थाना नूरपुर, जिला बिजनौर, हाल तैनाती गौरीगंज अमेठी) उसे अपने साथ ले गया। बाद में जानकारी मिली कि दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया।
11 फरवरी को होनी थी बिना दहेज शादी
2 दिसंबर 2025 को सहमति से युवती को वापस घर लाया गया। 11 फरवरी 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से बिना दहेज शादी तय हुई। लेकिन परिजनों का आरोप है कि इसके बाद युवक ने युवती पर परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और 20 लाख रुपये लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। रुपये न मिलने पर शादी से इंकार करने और जीवन बर्बाद करने की धमकी दी गई।
पहले 5 लाख की बात, 1 लाख खाते में ट्रांसफर
बेटी की खुशी के लिए परिजनों ने पांच लाख रुपये देने की बात कही। इसी दौरान युवती के खाते से एक लाख रुपये युवक के खाते में ट्रांसफर किए गए।आरोप है कि रकम मिलने के बावजूद मानसिक उत्पीड़न जारी रहा।
जहर खाया, अस्पतालों के चक्कर… रास्ते में मौत
22 जनवरी 2026 को युवती ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे फरीदपुर के निजी अस्पताल से बरेली के रामपुर गार्डन स्थित अस्पताल और फिर भोजीपुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर 23 जनवरी को दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजनों का आरोप-आत्महत्या के लिए उकसाया
मृतका के पिता ने युवक पर दहेज मांगने और मानसिक प्रताड़ना देकर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।



