बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के पीपलसाना चौधरी गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 40 वर्षीय देवेंद्र की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। वह बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
परिजनों के मुताबिक, शराब भट्टी के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने अचानक देवेंद्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं।
मृतक के साडू के बेटे सुधीर ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कार को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है।
देवेंद्र खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी मीरा और तीन बच्चे हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा है। गांव में भी शोक की लहर है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।



