“पहले पेमेंट कर दो… फिर खुद खड़े होकर खुलवा देंगे!”

SHARE:

स्पा सेंटर स्टिंग के नाम पर 40 हजार की डिमांड, जिला बदर ऋषभ ठाकुर और आशू का ऑडियो वायरल

बरेली। बारादरी इलाके में स्पा सेंटर के कथित स्टिंग ऑपरेशन के बाद अब वसूली का ऑडियो वायरल होने से सनसनी फैल गई है। सोशल मीडिया पर चल रहे ऑडियो में खुद को संगठन से जुड़ा बताने वाले युवक द्वारा वीडियो और कंटेंट हटाने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की जा रही है। ऑडियो में जिला बदर अपराधी ऋषभ ठाकुर का नाम भी सामने आ रहा है।

बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो आशू यादव नाम के युवक का है, जो कथित तौर पर सेंटर संचालिका से बातचीत कर रहा है। बातचीत में युवक साफ कहता सुनाई दे रहा है“पहले पेमेंट करा दो, फिर कर्नल से बात करके खुद खड़ा होकर दफ्तर खुलवा दूंगा।”

वायरल ऑडियो में क्या है?

ऑडियो में युवती वीडियो हटाने की मिन्नत करती सुनाई दे रही है। वह कहती है“वीडियो हटवा दो, सुबह पैसे मिल जाएंगे।”इस पर युवक जवाब देता है“आज दोगी तो आज हटेगा, कल दोगी तो कल हटेगा… यह बच्चों का खेल नहीं है।”बातचीत के दौरान युवक यह भी कहता है कि “ऋषभ भाई पर आठ मुकदमे और भाई पर बारह मुकदमे ऐसे ही नहीं लग गए।” इस कथन ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

(नोट: वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन ऑडियो हमारे पास सुरक्षित है।)

 पहले स्टिंग, फिर वसूली?

कुछ दिन पहले बारादरी क्षेत्र में एक संगठन के पदाधिकारियों ने स्पा सेंटर का स्टिंग करने का दावा किया था। सूचना पर पुलिस पहुंची तो सेंटर बंद मिला। इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया गया। अब उसी वीडियो को हटाने के बदले रकम मांगने का आरोप है।

सूत्रों के अनुसार, संगठन के ही एक पदाधिकारी ने फेसबुक पोस्ट कर दावा किया है कि ऋषभ ठाकुर के गुर्गे आशू यादव और विभू सक्सेना को पहले ही संगठन से निष्कासित किया जा चुका है और वही अब रंगदारी मांग रहे हैं।

 एक और स्पा सेंटर का वीडियो वायरल

इसी संगठन के कुछ लोगों ने शहर के अन्य स्पा सेंटरों पर भी अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल किए हैं। आरोप है कि नौकरी का लालच देकर युवतियों का शोषण किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

 पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने वायरल ऑडियो की जांच शुरू कर दी है।एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर पुलिस कार्रवाई करेगी, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। अगर कोई बाहर रहकर भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है तो उसके खिलाफ अलग से कार्रवाई की जाएगी।

 कानून हाथ में लिया तो होगी कार्रवाई

एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन स्टिंग के नाम पर वसूली करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें, स्वयं न्याय करने की कोशिश न करें।

 सवालों के घेरे में कौन?

क्या स्टिंग ऑपरेशन महज वसूली का जरिया बन गया? जिला बदर अपराधी का नाम ऑडियो में क्यों लिया गया? क्या वायरल वीडियो और ऑडियो की फॉरेंसिक जांच होगी?फिलहाल पुलिस जांच जारी है और पूरे मामले पर शहर की नजर टिकी हैं।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!