सड़कें बनीं काल: शादी से लौट रहे युवक, परीक्षा देने जा रहे छात्र और एरिया मैनेजर की मौत

SHARE:

बरेली। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कहीं शादी से लौटते युवक की जान चली गई, तो कहीं हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे छात्र ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं देर रात घर लौट रहे एरिया मैनेजर को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। लगातार हो रहे हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

 शादी से लौटते समय युवक की मौत

शाहजहांपुर जिले के थाना जैतीपुर क्षेत्र के गांव नया गांव निवासी 35 वर्षीय दीपू गुरुवार शाम भांजे की शादी में शामिल होकर ढकनी फरीदपुर से घर लौट रहे थे। पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जेब में मिले कागजातों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई।

दीपू अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। वह खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। अचानक हुई इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।

 हाईस्कूल परीक्षा देने जा रहे छात्र की दर्दनाक मौत

बरेली के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव आदपुरा निवासी 16 वर्षीय मोहम्मद अमीन शुक्रवार सुबह दोस्त पिंटू के साथ बाइक से हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे थे। परीक्षा केंद्र चाचा नेहरू इंटर कॉलेज, आंवला में था।लाहौरी पुल के पास अचानक दो पशु सड़क पर आ गए, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में अमीन गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि पिंटू गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है।

अमीन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। मां नसरीन बेटे की मौत से बेसुध हैं। गांव में हर आंख नम है जिस बेटे ने भविष्य के सपने संजोए थे, वह परीक्षा केंद्र तक भी नहीं पहुंच सका।

 मिनी बाईपास पर एरिया मैनेजर को कुचला

थाना इज्जतनगर क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय नरेश यादव बुधवार देर रात काम से घर लौट रहे थे। मिनी बाईपास स्थित विपिन अस्पताल के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। नरेश यादव एक दवा कंपनी में एरिया मैनेजर थे। वह अपने पीछे पत्नी चंदा, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

लगातार हादसों से उठे सवाल

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं अज्ञात वाहन फरार हो जाते हैं, तो कहीं सड़कों पर आवारा पशु दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। पुलिस तीनों मामलों में जांच कर रही है, लेकिन परिवारों के लिए यह अपूरणीय क्षति है। एक ही दिन में तीन घरों के चिराग बुझने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!