धर्म-नस्ल के नाम पर छात्रों पर हमलों के खिलाफ सड़कों पर उतरा छात्र संगठन

SHARE:

बरेली। देशभर में धर्म, जाति और नस्ल के आधार पर छात्रों पर बढ़ते हमलों के विरोध में मंगलवार को परिवर्तनकामी छात्र संगठन (पछास) की बरेली इकाई ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट बरेली को सौंपते हुए दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सभा में गूंजी चिंता और आक्रोश

ज्ञापन देने से पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए बरेली कॉलेज इकाई की संयोजिका निशा ने कहा कि देश में छात्रों को उनकी पहचान के आधार पर निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि केवल दो दिन पहले ही बरेली के राजेंद्रनगर स्थित एक रेस्तरां में नर्सिंग छात्रा की जन्मदिन पार्टी के दौरान अराजक तत्वों ने घुसकर उपद्रव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में मौजूद दो मुस्लिम छात्रों की उपस्थिति को लेकर ‘लव जिहाद’ का झूठा शोर मचाकर छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट और डराने-धमकाने की घटना को अंजाम दिया गया।

देहरादून की घटना का भी जिक्र

सभा में उत्तराखंड के देहरादून जिले के सेलाकुई क्षेत्र की घटना का भी उल्लेख किया गया, जहां त्रिपुरा निवासी एमबीए छात्र एंजेल चकमा के साथ नस्लीय टिप्पणी करते हुए मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल छात्र की 17 दिन के इलाज के बाद मौत हो गई। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे देश को शर्मसार कर रही हैं।

‘लोकतंत्र के दावों पर सवाल’

संगठन के शहर सचिव कैलाश ने कहा कि एक ओर देश को ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ बताया जाता है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं, छात्रों और अल्पसंख्यकों की स्वतंत्रता पर खुलेआम हमले हो रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के चलते अराजक और सांप्रदायिक तत्वों में कानून व संविधान का कोई भय नहीं बचा है, जिससे समाज में डर और असहिष्णुता का माहौल बन रहा है।

राष्ट्रपति से की गई प्रमुख मांगें

ज्ञापन में राष्ट्रपति से निम्न मांगें की गईं, छात्राओं, महिलाओं और धार्मिक अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों पर तत्काल रोक, अराजक तत्वों को संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई, ‘लव जिहाद’ जैसे झूठे आरोपों के नाम पर स्वतंत्रता पर हमले बंद हों, सांप्रदायिक और फासीवादी संगठनों पर प्रतिबंध लगाया जाए

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

सभा और ज्ञापन कार्यक्रम में अंशिका, साक्षी मौर्या, गुंजन, सौरभ पटेल, अंकित कुमार, अर्जुन, बालकराम, हिमांशु सिंह, ओम प्रकाश, उमेश, गणेश कुमार, केपी सिंह सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

सोना चांदी की कीमत
और पढ़ें
error: Content is protected !!