संविधान संवाद महापंचायत से लेकर रामाबाई अंबेडकर मैदान की महारैली तक-कांग्रेस का बड़ा ऐलान
बरेली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से नावेल्टी चौराहा स्थित उपजा प्रेस क्लब में सादगीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर व मिठाई बांटकर प्रियंका गांधी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी 100 दिनों में पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से कई बड़े जनआंदोलन और संगठनात्मक कार्यक्रम चलाने जा रही है। इनमें संविधान संवाद महापंचायत, मनरेगा बचाओ संग्राम, एसआईआर अभियान, पंचायत चुनाव की तैयारी, सेवा व बलिदान के 140 वर्ष, एमएलसी चुनाव, संगठन सृजन अभियान और रामाबाई अंबेडकर मैदान में प्रस्तावित विशाल महारैली शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा सरकार द्वारा संविधान में बदलाव के कथित प्रयासों के खिलाफ लगातार देशव्यापी संघर्ष कर रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी 24 जनवरी से सीतापुर से संविधान संवाद महापंचायत की शुरुआत करेगी, जिसके बाद लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ सहित पूरे प्रदेश में 30 से अधिक महापंचायतों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से योगी सरकार की विफलताओं और जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।
मिर्जा सकलैनी ने स्पष्ट किया कि आगामी पंचायत चुनाव कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ अकेले लड़ेगी। संगठन सृजन अभियान के तहत पिछले नौ महीनों में प्रदेश भर में 9 हजार मंडलों का गठन और डेढ़ लाख से अधिक बूथ अध्यक्षों की नियुक्ति की जा चुकी है। मनरेगा बचाओ संग्राम और एसआईआर में भौतिक सत्यापन जैसे अभियानों के लिए मंडल अध्यक्षों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. के.बी. त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस अब लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर संघर्ष करती दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार लगातार कांग्रेस शासन में शुरू की गई जनहितकारी योजनाओं को खत्म कर रही है। कांग्रेस की यूपीए-1 सरकार द्वारा वर्ष 2006 में लागू किया गया मनरेगा अधिनियम ग्रामीण भारत के लिए ऐतिहासिक कदम था, जिसने करोड़ों गरीबों को रोजगार का अधिकार दिया और महिला सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाई।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने सेवा और बलिदान के 140 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आगामी स्नातक व शिक्षक विधान परिषद की 11 सीटों पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। संविधान संवाद महापंचायतों के समापन के बाद लखनऊ के रामाबाई अंबेडकर मैदान में ऐतिहासिक महारैली का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमप्रकाश अग्रवाल, पूर्व शहर विधानसभा प्रत्याशी कृष्णकांत शर्मा, पीसीसी सदस्य पं. राज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष जिया उर रहमान, डॉ. हरीश गंगवार, मुकेश वाल्मीकि, रमेश चंद्र श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष कमरुद्दीन सैफी, सैयद सफदर अली, शाकिर सकलैनी, अकरम खान, परवीन शर्मा, मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




