बरेली। कमाई की अंधी दौड़ में अब लोगों की थाली तक ज़हर पहुंच चुका है। बरेली की सब्जी मंडियों में पुराने और पीले पड़ चुके लहसुन को नया, चमकदार और सफेद दिखाने के लिए बाल पुट्टी (सफेद सीमेंट पाउडर) का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह वही पुट्टी है, जिसका प्रयोग मकानों की दीवारों की चमक बढ़ाने में किया जाता है, लेकिन अब यही रसायन लोगों के शरीर में पहुंचकर गंभीर बीमारियों को जन्म दे रहा है।
मंडियों में खुलेआम मिलावट का खेल
शहर की डेलापीर, सिटी सब्जी मंडी, कुतुबखाना और श्यामगंज जैसी प्रमुख मंडियों में छोटे-बड़े दुकानदार पुराने लहसुन की पुती और गांठों को बाल पुट्टी के पाउडर पर रगड़कर सफेदी और चमक लाते देखे जा रहे हैं। बाहर से आकर्षक दिखने वाला यह लहसुन आम उपभोक्ता को धोखा देने के साथ-साथ उसकी सेहत के लिए धीमा ज़हर साबित हो रहा है।
डॉक्टरों की चेतावनी: खतरनाक है बाल पुट्टी
चिकित्सकों का कहना है कि बाल पुट्टी में मौजूद रसायन मानव शरीर के लिए बेहद हानिकारक हैं। इसके सेवन से लीवर डैमेज किडनी खराब होने पेट, आंत और त्वचा संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। लंबे समय तक ऐसा लहसुन खाने से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो जाती है।
फास्ट फूड और चटनी भी नहीं सुरक्षित
भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग तेजी से फास्ट फूड, मोमो, चटनी और सॉस की ओर बढ़ रहे हैं। इसका फायदा उठाकर कारोबारी स्वाद और रंग बढ़ाने के लिए रासायनिक रंग और खतरनाक केमिकल मिला रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इनका लगातार सेवन करने से लोग लीवर, किडनी,पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
पहले मसाले, अब लहसुन भी नहीं सुरक्षित
अब तक मिलावट का खेल मसाले, बेसन, नमकीन, खाद्य तेल, पनीर और मिठाइयों तक सीमित था, लेकिन अब रोजमर्रा की सब्जी लहसुन भी इसकी जद में आ चुका है। इससे साफ है कि मिलावटखोर किसी भी हद तक जाने से नहीं चूक रहे।
एफएसडीए के दावे, ज़मीनी हकीकत उलट
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग लगातार कार्रवाई के दावे करता रहा है, लेकिन इसके बावजूद मंडियों में मिलावट का खेल धड़ल्ले से जारी है। सवाल यह उठता है कि क्या कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित है? क्या आम आदमी की सेहत की कीमत पर मिलावटखोरों को खुली छूट दी जा रही है?
ऐसे पहचानें मिलावटी लहसुन
जरूरत से ज्यादा सफेद और चॉक जैसी चमक
हाथ से रगड़ने पर सफेद पाउडर उतरना
पानी में डालने पर पानी का धुंधला हो जाना
सवाल जो जवाब मांगते हैं
जब रोजमर्रा के खाने में ज़हर मिल रहा हो, तो आम आदमी कहां जाए? क्या प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा या मिलावटखोर यूं ही लोगों की जिंदगी से खेलते रहेंगे? यह खबर सिर्फ सूचना नहीं, जनहित में चेतावनी है क्योंकि आज लहसुन ज़हरीला है, तो कल थाली का हर हिस्सा खतरे में हो सकता है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




