अवैध वसूली का विरोध पड़ा भारी: दबंगों ने ठेला लगाने वाले पर किया हमला, पत्नी से छेड़छाड़ का आरोप

SHARE:

जिला अस्पताल के पास फड़ लगाने वाले पर रोजाना 200 रुपए वसूली, न देने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी

बरेली। कोतवाली क्षेत्र में अवैध वसूली और दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के निकट सड़क किनारे ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले युवक के साथ मारपीट, गाली-गलौज, अवैध वसूली और पत्नी की लज्जा भंग का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना मदीनाथ निवासी देवेश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जिला अस्पताल के पास विक्की सक्सेना निवासी वाजपेई ढाल, सुभाषनगर द्वारा अवैध रूप से कपड़े का फड़ लगाकर सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया है। आरोप है कि विक्की सक्सेना द्वारा वहां ठेला लगाने वाले लोगों से रोजाना 200 रुपए की अवैध वसूली की जाती है। पीड़ित के अनुसार, वह पिछले दो दिनों से निजी कारणों के चलते दिल्ली गया हुआ था, जिस कारण वह अवैध वसूली की रकम नहीं दे सका। इसी बात से नाराज होकर 15 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे विक्की सक्सेना अपने चार अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और देवेश शर्मा व उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि दबंगों ने देवेश को घसीटकर सड़क पर फेंक दिया, ठेले पर रखा सामान सड़क पर बिखेर दिया और उसकी पत्नी के साथ अभद्रता करते हुए उसकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि “यहां से भाग जा, नहीं तो जान से मार देंगे।”

घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। देवेश शर्मा ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय ठेला-पटरी वालों में आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध वसूली का खेल चल रहा है, लेकिन कार्रवाई न होने से दबंगों के हौसले बुलंद हैं।

विकास यादव
Author: विकास यादव

शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।

Leave a Comment

सोना चांदी की कीमत
और पढ़ें
error: Content is protected !!