फरीदपुर में 20 वाहन टकराए, रोडवेज बस चालक की मौत, 24 घायल
शाहजहांपुर में साले-बहनोई की जान गई, पीलीभीत में पीएसी की गाड़ी डिवाइडर से भिड़ी
बरेली। रविवार सुबह घने कोहरे ने जनपद बरेली समेत पीलीभीत और शाहजहांपुर में तबाही मचा दी। जीरो विजिबिलिटी के कारण अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कई लोगों की जान चली गई, जबकि तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हाईवे से लेकर कस्बाई सड़कों तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
फरीदपुर में कोहराम: हाईवे पर 20 वाहन भिड़े, रोडवेज चालक की मौत
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में रविवार सुबह करीब आठ बजे लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर द्वारिकेश शुगर मिल के पास घना कोहरा छाया हुआ था। दृश्यता शून्य होने के कारण दोनों लेन पर एक के बाद एक करीब 20 वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर होते ही हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में सोहराब गेट डिपो की रोडवेज बस, जो गोरखपुर से मेरठ जा रही थी, आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आए अन्य वाहन भी भिड़ते चले गए।
इस भीषण हादसे में बस चालक अतर सिंह (निवासी ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर, जिला मुजफ्फरनगर) बस में फंस गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में 24 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
भुता में ट्रक-कार भिड़ंत, दंपती समेत तीन घायल
बरेली के भुता कस्बा में बाजार के सामने सुबह करीब आठ बजे कोहरे के कारण ट्रक और कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार संगम वाजपेई, उनकी पत्नी प्रियंका मिश्रा और साले सचिन मिश्रा (निवासी खुटार, शाहजहांपुर) घायल हो गए। गनीमत रही कि कार का एयरबैग खुल गया, जिससे सभी को हल्की चोटें आईं। हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिथरी चैनपुर भिजवाया।
शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा: साले-बहनोई की मौत
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में सीतापुर-बरेली नेशनल हाईवे पर चकभिटारा मोड़ के पास रविवार सुबह करीब नौ बजे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक ट्रक के पिछले पहिए में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई।
हादसे में बाइक चालक महावीर (45 वर्ष) निवासी चकभिटारा और उनके साले हेमनाथ (30 वर्ष) निवासी पालीचक, थाना मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी) की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आने से एक टेंपो चालक भी घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पीलीभीत में पीएसी वाहन हादसे का शिकार
पीलीभीत के थाना गजरौला क्षेत्र में घने कोहरे के कारण असम हाईवे पर पीएसी की गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वाहन चालक समेत आठ पीएसी जवान घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीएसी के जवान पूरनपुर के धनाराघाट में आयोजित गंगा स्नान मेले की ड्यूटी पर जा रहे थे।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




