सकरीन-हाइड्रो से तैयार हो रहा बक्कखर, 20 से 30% चीनी से खेला रहा जा रहा सेहत से खेल
कम लागत, मोटा मुनाफा: मिलावटखोरों ने सुबह के नाश्ते को बनाया बीमारी की वजह
बरेली। शहर में मिठास के नाम पर अब लोगों को जहर खिलाया जा रहा है। जलेबी जैसी आम और पसंदीदा मिठाई भी मिलावटखोरों की गिरफ्त में आ चुकी है। जांच और सूत्रों के मुताबिक, जलेबी की चासनी में मात्र 20 से 30 फीसदी चीनी का इस्तेमाल कर बाकी मिठास सकरीन से पूरी की जा रही है। इतना ही नहीं, कई-कई दिन पुरानी चासनी को दोबारा इस्तेमाल लायक बनाने के लिए उसमें हाइड्रो (रासायनिक पदार्थ) मिलाया जा रहा है, जो सीधे तौर पर मानव स्वास्थ्य के लिए घातक है।
डॉक्टरों की मानें तो सकरीन और हाइड्रो का नियमित सेवन लीवर, किडनी, गले और पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकता है। इसके बावजूद कारोबारी और दुकानदार कम लागत में ज्यादा मुनाफे के लालच में आम जनता की सेहत से खुलेआम खिलवाड़ कर रहे हैं।
थर्ड क्वालिटी घी-तेल में तली जा रही जलेबी
सूत्रों के अनुसार जलेबी तैयार करने में थर्ड क्वालिटी बनस्पति और रिफाइंड तेल का इस्तेमाल हो रहा है। पहले जलेबी को घटिया तेल में तला जाता है, फिर उसे सकरीन और रसायनों से तैयार चासनी में डुबोकर बाजार में उतार दिया जाता है। उपभोक्ता इसे असली मिठास समझकर खा रहा है, लेकिन असल में यह धीमा जहर साबित हो रहा है।
सुबह की जलेबी बन रही बीमारियों की वजह
सुबह के नाश्ते में जलेबी-दही आम लोगों की पहली पसंद है। नामचीन दुकानों से लेकर गली-मोहल्लों और ठेलों तक, हर सुबह बड़ी मात्रा में जलेबी तैयार कर बेची जा रही है। लेकिन लोगों को यह तक पता नहीं कि जिस जलेबी को वे ‘हल्का नाश्ता’ समझकर खा रहे हैं, वह सकरीन और हाइड्रो की मिलावट से बनी है, जो धीरे-धीरे शरीर को खोखला कर रही है।
एफएसडीए की सुस्ती, मिलावटखोरों के हौसले बुलंद
हालांकि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSSA/FSDA) द्वारा समय-समय पर अभियान चलाकर सैंपल भरने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। सुबह-सुबह तैयार होने वाली जलेबी में खुलेआम मिलावट के बावजूद विभागीय अफसर आंख मूंदे बैठे हैं, जिससे मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं।
अगर यही हाल रहा तो नाश्ते की प्लेट से अस्पताल तक का सफर ज्यादा दूर नहीं होगा।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।




