पीड़िता की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला को उसके ही रिश्तेदार द्वारा जबरन साथ ले जाने और मानसिक उत्पीड़न का शिकार बनाया गया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उसके पति की करीब एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद वह मायके में रह रही थी। आरोप है कि उसकी ताई आए दिन मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी और जबरन अपने बेटे कुनाल के साथ भेजने का दबाव बनाती थी।
घर में घुसकर दबाव, शोर मचाने पर भागा आरोपी
पीड़िता ने बताया कि 3 फरवरी 2026 को जब घर पर माता-पिता मौजूद नहीं थे, उसी दौरान आरोपी कुनाल जबरन घर में घुस आया और साथ चलने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जबरदस्ती की कोशिश की, जिस पर पीड़िता ने शोर मचा दिया। शोर सुनते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
112 पर कॉल, थाने पहुंचकर मांगी सुरक्षा
घटना से भयभीत महिला ने तत्काल 112 हेल्पलाइन पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वह थाना बारादरी पहुंची और लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Author: विकास यादव
शहर के हर प्रमुख मुद्दों को लेकर हम बनेंगे आप की आवाज। छोटी और बड़ी खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचना Bareillypost कि प्राथमिकता है।आप हमसे जुड़कर ताजा खबरों को पढ़ते रहें,सबसे पहले।हमसे जुड़ने के लिए Bareillypost को सबस्क्राइब करें धन्यवाद।आप हमें 9997133166पर कोई भी खबर से संबंधित सूचना दे सकते हैं, धन्यवाद।



